12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भदोही में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पेट में पल रहा था 8 माह का बच्चा, विदा कराने मायके पहुंचा था पति

दल्लूपुर गांव में रविवार की सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 22 वर्षीय विवाहिता गर्भवती थी, जिसकी पहचान किशन देवी के रूप में हुई है

2 min read
Google source verification
jhunjhunu elderly couple suicide swami sehi village surajgarh

फोटो पत्रिका

भदोही: औराई थाना क्षेत्र के दल्लूपुर गांव में रविवार की सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 22 वर्षीय विवाहिता गर्भवती थी, जिसकी पहचान किशन देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि किशन के पेट में 8 महीने का बच्चा था।

तीन दिन पहले मुंबई से घर लौटा था पति

जानकारी के मुताबिक, किशन देवी की शादी जौनपुर के रहने वाले अजय बिन्द से हुई थी। विवाह के बाद पति मुंबई में रहकर जीविकोपार्जन करता था, जबकि उसकी पत्नी किशन देवी कुछ महीने पूर्व ही अपने मायके दल्लुपुर गांव में पहुंची थी। परिवार ने बताया कि तीन दिन पहले किशन देवी का पति मुंबई से घर लौटा था और अपनी पत्नी को साथ ले जाने के लिए दल्लूपुर गांव आया था।

परिवार ने बताया कि शनिवार की देर रात सभी लोग खाना खाकर छत पर सोने चले गए और सुबह होते ही परिवार के सभी सदस्य खेत में लगी गेहूं की फसल काटने के लिए निकल गए। इसी दौरान घर से सूचना आई कि किशन देवी की तबीयत खराब है। परिजन जब घर पहुंचे तो पाया कि किशन देवी अचेत अवस्था में पड़ी हुई है और उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल उत्पन्न हो गया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

परिजनों ने आशंका जताई है कि किशन देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जांच के दौरान डॉक्टर ने भी किशन देवी के गले पर निशान पाया और संभावना जताई कि उसकी मौत संभवत फांसी लगाने से ही हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही और औराई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं साक्ष्य जुटाने को लेकर फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला सुसाइड का लग रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किशन देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि, इस मामले में अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। परिजनों और घर के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।