भरतपुर

जहां गोली मारकर की हत्या, वहां बिगड़े हुलिये के बीच लंगड़ाते हुए पहुंचे आरोपी, कान पकड़कर बाजार में निकाला जुलूस

गांव फुलवारा में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दहशत फैलाने के आरोपी गुरुवार को उसी जगह लंगड़ाते हुए बिगड़े हुलिये के बीच पहुंचे।

2 min read
Aug 08, 2025
फोटो-वीडियो स्क्रीनशॉट

भरतपुर। गांव फुलवारा में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दहशत फैलाने के आरोपी गुरुवार को उसी जगह लंगड़ाते हुए बिगड़े हुलिये के बीच पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों को नंगे पैर गांव की गलियों के साथ बाजार में कान पकडकऱ जुलूस निकालते हुए घुमाया। आरोपियों की ऐसी हालत देखने के लिए लोग घरों और दुकानों के बाहर एकत्रित हो गए। पुलिस ने आरोपियों से घटनास्थल की तस्दीक कराई।

पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने बताया कि पुलिस की डीएसटी टीम, थाना चिकसाना, पुलिस थाना सदर बयाना व क्यूआरटी टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 13 जुलाई को गांव फुलवारा निवासी अशोक कुमार के सिर में गोली मारकर हत्या करने के मामले में दोनों मुख्य आरोपी जीतू उर्फ जीतेन्द्र पुत्र करन सिंह ठाकुर निवासी पीपला तथा छोटू उर्फ कुलदीप पुत्र कमल ठाकुर निवासी गांव पीपला को जिला कारागृह मथुरा से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से एक पिस्टल और मोटरसाइकिल को बरामद किया है। तस्दीक के समय आरोपियों के बाल बीच में कटे हुए थे। पुलिस टीम ने सीओ आकांक्षा के साथ थाना प्रभारी चिकसाना हनुमानसहाय, मुकेश कुमार पुलिस निरीक्षक साइबर थाना, कृष्णवीर सिंह थाना प्रभारी सदर बयाना, सुरेन्द्र सिंह एएसआई चिकसाना आदि शामिल रहे।

यह था मामला

सीओ ग्रामीण आकांक्षा ने बताया कि 13 जुलाई को शाम करीब 5 बजे बृजेश अपनी परचून की दुकान पर बैठा था। इसी समय पीपला निवासी छोटू, जीतू ठाकुर व चौमू (चौमा) निवासी तीरथपाल ठाकुर दुकान पर आए और शराब पार्टी करने को 1500 रुपए और नमकीन मांगी। नहीं देने पर मारने की धमकी दी। लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी भाग गए। शाम करीब 6 बजे बृजेश एवं लवकुश रोजाना की भांति चामड़ पर जा रहे थे।

सूती पीपला चौराहा के पास छोटू, जीतू, नितिन, सूरज, तीरथपाल ठाकुर व दो अन्य वहां पर खड़े मिले, जिनके पास अवैध हथियार थे। इन्होंने बृजेश और लवकुश को पकड़ लिया और बृजेश के साथ मारपीट करने लगे। बृजेश ने मौका पाकर अपने पिता अशोक को फोन कर दिया। तुरन्त ही अशोक वहां पहुंच गया।

अशोक ने उनसे तगादा किया तो जीतू और छोटू ने कहा कि वहां पर बड़े दादा बन रहे थे अब देखते है कौन बचाता है। इस पर छोटू, तीरथपाल व जीतू ने कहा कि इनको जान से खत्म कर दो। इस पर जीतू ने अपने अवैध हथियार से अशोक के सिर में गोली मार दी और फायर करते हुए भाग गए।

इस मामले में कप्तान सिंह पुत्र लालसिह निवासी फुलवारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस तीरथपाल पुत्र पूरन सिंह निवासी चौमा उत्तरप्रदेश, दो बाल अपचारी एवं दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Published on:
08 Aug 2025 04:39 pm
Also Read
View All