
Deeg UP Zila Pramukh : डीग में बड़ी उलटफेर के बाद भाजपा की रेनू सिंह पहली जिला प्रमुख बनीं। डीग जिला परिषद में आज उप जिला प्रमुख के हुए चुनाव में कांग्रेस ने अपनी जीत दर्ज की। कांग्रेस की नीलम रावत डीग जिला परिषद पहली उप जिला प्रमुख बनीं। नीलम रावत को मिले 17 वोट मिले वहीं भाजपा के रतन सिंह को 12 वोट मिले।
राजस्थान में प्रधान पद के लिए 27 नवंबर को सुबह 10 बजे निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 11.30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। आवश्यकता होने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा और निर्वाचित प्रधान को शपथ दिलाई जाएगी।
जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों में महिला शक्ति, युवा नेतृत्व और सियासी उलटफेर की दिलचस्प तस्वीर सामने आई। प्रदेश के 37 जिलों में 26 की कमान महिलाओं के हाथों में आई। जैसलमेर में महज 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला प्रमुख बनीं, वहीं दौसा, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में महिला प्रत्याशी निर्विरोध चुनी गई। कहीं बहुमत के बावजूद पार्टियों को हार का सामना करना पड़ा तो कहीं एक वोट ने जीत-हार का फैसला कर दिया। डूंगरपुर और डीडवाना-कुचामन में बराबरी के बाद लॉटरी से जिला प्रमुख चुने गए। निर्दलीयों की भूमिका और क्रॉस वोटिंग के आरोपों ने भी कई जगह चुनावी गणित को रोचक बनाया। इन नतीजों ने ग्रामीण राजनीति में नए चेहरों और बदलते सियासी समीकरणों की झलक दिखाई। प्रदेश में 37 जिलों में कांग्रेस ने 24, भाजपा ने 10, बीएपी ने 2 और 1 जिले में आरएलपी ने प्रमुख पद पर कब्जा किया।
न्यूज अपडेट हो रही है।