LPG Cylinder Blast: डीग के कामां क्षेत्र में कार रिपेयरिंग के दौरान दो एलपीजी सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाकों में आठ लोग झुलस गए, जिनमें कई की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया गया है।
डीग। जिले के कामां क्षेत्र में मंगलवार को एक कार वर्कशॉप में हुए भीषण हादसे में दो एलपीजी सिलेंडर फटने से आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घायलों को तुरंत उपचार के लिए भरतपुर के आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसे लोगों को जयपुर रेफर कर दिया गया। एक बच्ची का इलाज फिलहाल आरबीएम अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार कामां कस्बे के अक्खड़वाड़ी मैदान क्षेत्र में मनमोहन की डीग रोड पर कार रिपेयरिंग की वर्कशॉप है। वर्कशॉप के ऊपर बने मकान में मनमोहन और उसके भाई भगवान सिंह का परिवार रहता है। मंगलवार को वर्कशॉप में रोजाना की तरह वाहन रिपेयरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान एक मजदूर गैस सिलेंडर की मदद से रिपेयरिंग कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते सिलेंडर में तेज धमाका हो गया।
पहले सिलेंडर में विस्फोट होने के बाद वहां रखा दूसरा एलपीजी सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया और वह भी जोरदार धमाके के साथ फट पड़ा। लगातार हुए दो धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबराकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के समय वर्कशॉप और मकान में मौजूद लोग आग की चपेट में आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से कामां अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव के कारण हादसा होना सामने आ रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।