भरतपुर

लेडी डॉन का सेवर जेल से भी रह चुका है कनेक्शन

-सेवर जेल में बंद डकैती के सहयोग से रची थी अपहरण की साजिश

2 min read
Aug 02, 2021
लेडी डॉन का सेवर जेल से भी रह चुका है कनेक्शन

भरतपुर. हाल में लेडी डॉन अनुराधा की कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जेरठी के साथ गिरफ्तारी ने सेवर जेल के पुराने कनेक्शन की याद को भी ताजा कर दिया है। बताते हैं कि करीब आठ साल पहले सुजानगढ़ के एक व्यापारी के अपहरण की साजिश भी सेवर जेल में बंद एक लाख रुपए के इनामी डकैत के साथ मिलकर रची गई थी। उस समय आनंदपाल के माध्यम से लेडी डॉन की मुलाकात धौलपुर के डकैत शिवदत्त से हुई थी। सेवर जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद डकैत ने अपहरण की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी।
दिसंबर 2014 में सेवर जेल में बंद धौलपुर के डकैत शिवदत्त ने जमानत पर बाहर आने के बाद लेडी डॉन से मुलाकात की थी। उस समय सुजानगढ़ के व्यापारी बद्रीनारायण मोदी के अपहरण की योजना बनाई गई। 14-15 जनवरी 2015 को ये लोग उसके अपहरण की योजना बनाकर आए थे। नेछवा के पास पीछे की गाड़ी में शिवदत्त उनका पीछा कर रहा था। सुनसान जगह में उसने बद्रीनारायण के ड्राइवर को गाड़ी रोकने के लिए कहा। जब ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी तो उसने पीछे से हैंड ब्रेक खींच दिया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। पीछे चल रही शिवदत्त की सफारी भी अनियंत्रित हो गई और पेड़ से भिड़ गई। इससे शिवदत्त मारा गया। उस समय लेडी डॉन के उनके साथ होने की बात सामने आई थी। हालांकि उसने पुलिस के सामने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया था।

दो बार आनंदपाल से सेवर जेल में कर चुकी थी मुलाकात

जब गैंगस्टर आनंदपाल सिंह सेवर जेल में था तो उस समय लेडी डॉन अनुराधा के आनंदपाल से दो बार मिलने की बात सामने आई थी। उसने सेवर जेल में अंदर तक जाकर आनंदपाल से मुलाकात की थी। जबकि नियमों के तहत किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं होती है। उस समय सुरक्षा प्रहरियों की मदद से हुई इस मुलाकात को लेकर प्रदेशभर में सियासी हंगामा हुआ था। आनंदपाल से मिलने के बाद ही उसने डकैत शिवदत्त की जमानत कराई थी और वे व्यापारी का अपहरण करने के लिए सीकर गए थे, लेकिन अपहरण की वारदात में सफलता से पहले ही हादसे होने के कारण योजना फेल हो गई थी। इसमें जेल प्रशासन की बड़ी चूक को लेकर अधिकारियों पर छिटपुट कार्रवाई भी की गई थी। उस समय आनंदपाल से लेडी डॉन की मुलाकात को लेकर प्रकरण ने खूब सुर्खियां बटोरी थी।

Published on:
02 Aug 2021 05:50 pm
Also Read
View All