
कैथवाड़ा थाना पुलिस। फोटो पत्रिका
Rajasthan Crime : डीग जिले की कैथवाड़ा थाना पुलिस ने फर्जी मैरिज ब्यूरो चलाकर भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक और फरार शातिर आरोपी को कैथवाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी हमीद पुत्र जुहरू जाति मेव (उम्र 55 वर्ष), निवासी नीमला थाना कैथवाड़ा को उसके पैतृक गांव नीमला से धर दबोचा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फर्जी मैरिज ब्यूरो के जरिए लोगों से धोखाधड़ी और ठगी करने के इस मामले में थाना हाजा पर प्रकरण संख्या 38/2025 धारा 420, 406, 120बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज है। इस गिरोह के अन्य सक्रिय आरोपी सैकुल, असरू, जैकम तथा यहाया को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
पहले से गिरफ्तार मुलजिमों से ठगी की राशि की बरामदगी और गिरोह के शेष फरार सदस्यों की धरपकड़ के लिए पुलिस की एक विशेष टीम लगातार क्षेत्र में प्रयासरत थी।
रविवार को कैथवाड़ा थाने के सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) जसवन्त सिंह मय जाब्ता के साथ जांच और अनुसंधान के सिलसिले में रवाना होकर ग्राम नीमला पहुंचे। पुलिस टीम ने जब फरार मुलजिम हमीद के घर पर अचानक दबिश दी, तो वह अपने घर पर ही छुपा हुआ मिल गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत मौके पर ही डिटेन किया और कड़े पहरे में कैथवाड़ा थाने लेकर आई।
थाने लाकर जब आरोपी हमीद से पुलिस टीम ने कड़ाई और गहनता से पूछताछ किया गया, तो उसके खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश रचने का जुर्म (धारा 420, 406, 120बी आईपीसी) पूरी तरह प्रमाणित पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारशुदा मुलजिम से पुलिस अब इस फर्जी मैरिज ब्यूरो नेटवर्क से जुड़ी अन्य कड़ियों, ठगी के शिकार हुए अन्य पीड़ितों और अवैध रूप से वसूली गई राशि के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी दिनों में इस गिरोह से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
मुलजिम को दबोचने वाली इस कामयाब टीम में कैथवाड़ा थानाधिकारी ताराचन्द शर्मा (पु०नि०), सहायक उपनिरीक्षक जसवन्त सिंह (मुख्य अनुसंधान अधिकारी), कानिस्टेबल नंबर 738 मनोज कुमार तथा कांस्टेबल नंबर 741 लोकेश कुमार शामिल रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह के फर्जी गिरोह चलाने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
Published on:
25 May 2026 12:47 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
