23 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bharatpur Police : भरतपुर पुलिस को बड़ी सफलता, रंगदारी मांगने वाला गैंग गिरफ्तार, लंगड़ाते कोर्ट पहुंचा विनोद पथैना

Bharatpur Police : भरतपुर के व्यापारियों को व्हाट्सएप कॉल कर फिरौती मांगने वाले गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सभी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां सरगना विनोद पथैना लंगड़ाते हुए पहुंचा।

2 min read
Google source verification
Bharatpur police big success extortion gang arrested leader Vinod Pathena limps to court

लंगड़ाते हुए कोर्ट पहुंचा सरगना विनोद पथैना। फोटो पत्रिका

Bharatpur Police : भरतपुर शहर के व्यापारियों को व्हाट्सएप कॉल कर फिरौती मांगने और धमकाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले आरोपी विनोद पथैना ने उन्नति होटल के रूम नंबर 101 से कुछ लोगों को व्हाट्सएप पर कॉल कर फिरौती मांगी थी। आरोपी और उसके अन्य साथियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां वह लंगड़ाते हुए पहुंचा। कोर्ट ने आरोपियों को 25 मई तक पुलिस रिमांड दिया है। होटल मालिक फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं।

मथुरा गेट थाना प्रभारी हरलाल मीणा ने बताया कि विनोद पथैना समेत सात आरोपियों को गुरुवार रात एक होटल पर दबिश देकर गिरफ्तार किया था। गैंग के सदस्य राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में वारदात कर चुके हैं। गैंग में एक होटल संचालक भी शामिल है, जिसकी होटल में बैठकर आरोपी जमीन पर कब्जा करने की प्लानिंग कर रहे थे। बदमाश सारस चौराहा स्थित उन्नति होटल में रुके हुए थे। होटल मालिक जगदीश भी इनकी गैंग का सदस्य बताया गया है। उसने खुद के बचाव के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी। मौके पर बेशकीमती जमीनों के कागज भी पुलिस को मिले हैं।

दोबारा मेडिकल कराने को लगाया प्रार्थना पत्र

विनोद पथैना के वकील विवेक हथैनी ने कोर्ट में याचिका लगाकर दावा किया है कि पुलिस कस्टडी में विनोद के साथ मारपीट की गई, जिससे वह लंगड़ाकर चल रहा है। ऐसे में वीडियोग्राफी कराते हुए फिर से मेडिकल कराया जाए। हालांकि पुलिस का दावा है कि दबिश के दौरान आरोपी विनोद भाग रहा था, इस दौरान उसका पैर मुड़ने से वह चोटिल हो गया।

'तड़पा-तड़पा कर मारूंगा, रंगदारी नहीं दी तो परिवार खत्म कर देंगें'

भरतपुर शहर में एक बार फिर रंगदारी मांगने से व्यापारी में दहशत है। पहले विनोद पथैना और लॉरेंस बिश्नोई जैसे नामों से धमकियां मिलने के मामलों के बाद अब शहर के एक बड़े व्यापारी को 10 लाख रुपए की रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई है।

मथुरा गेट थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी 73 वर्षीय व्यापारी रामबाबू कंसल ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 21 मई को दोपहर करीब 2 बजकर 6 मिनट पर उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को चंदू देशवाल बताया। पीड़ित व्यापारी के अनुसार कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि 'मैं तुम्हें तड़पा-तड़पा कर मारूंगा। मै महाराजा प्रोपर्टी में रहता हूं। कल आकर मुझसे मिलो, नहीं तो अंजाम बहुत बुरा होगा।' इतना ही नहीं, आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर बच्चों तक को जान से मारने की धमकी दी।

रिपोर्ट में बताया है कि आरोपी ने व्यापारी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। धमकी मिलने के बाद वृद्ध व्यापारी और उनका परिवार भय के माहौल में है। रामबाबू कंसल शहर के प्रसिद्ध लक्ष्मण मंदिर क्षेत्र में किंग शोरूम नाम से कपड़ों का प्रतिष्ठान संचालित करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना है कि लगातार रंगदारी की घटनाएं सामने आने से शहर का कारोबारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।