भरतपुर

माता-पिता ने स्कूल जाकर पूछा आखिर पढ़ाई में क्यों कमजोर हैं बेटा-बेटी

-जिले के सरकारी स्कूलों में हुआ शिक्षक अभिभावक परिषद् की बैठक का आयोजन-कुछ स्कूलों में प्रचार-प्रसार के बाद भी नहीं पहुंच सके अभिभावक
2 min read
Jul 18, 2020
माता-पिता ने स्कूल जाकर पूछा आखिर पढ़ाई में क्यों कमजोर हैं बेटा-बेटी
माता-पिता ने स्कूल जाकर पूछा आखिर पढ़ाई में क्यों कमजोर हैं बेटा-बेटी

भरतपुर. जिले के सरकारी स्कूलों में शनिवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे के मध्य शिक्षक अभिभावक परिषद् की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें अभिभावकों ने स्कूलों में जाकर बच्चों की शैक्षिक स्थिति का आंकलन किया। साथ ही शिक्षकों की ओर से बताई शिकायतों पर भी गौर किया। हालांकि कुछ स्कूलों में इतना प्रचार-प्रसार करने के बाद भी शिक्षा विभाग की यह पहल सिर्फ खानापूर्ति साबित हुई।
मास्टर आदित्येंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हुई बैठक में एसडीएम संजय गोयल ने पौधरोपण किया। बैठक में एसडीएम ने शिक्षा से वंचित छात्रों को विद्यालय से जोडऩे तथा सरकारी विद्यालयों में अधिकाधिक नामांकन वृद्धि करने पर जोर देते हुए कहा कि हमें कोरोना से डरना नहीं है बल्कि सावधान रहना है। हमें अपने घरों, चिर परिचितों, आस-पड़ोस के तहत कोरोनावायरस से बचाव के लिए आमजन को इस हेतु जागरूक करना होगा कि कोई भी व्यक्ति बिना कार्य के घर से बाहर ना निकले तथा आवश्यकता पडऩे पर हमेशा घर से बाहर निकलते समय मास्क लगाकर रहे। उपस्थित समस्त अभिभावकों, सदस्यों तथा विद्यालय परिवार को कोरोनावायरस वैश्विक महामारी के तहत इससे बचाव के लिए जागरुकता शपथ दिलाई गई। प्रधानाचार्य दिनेश सिंह सिनसिनवार ने विद्यालय के शैक्षिक, सहशैक्षिक एवं भौतिक विकास के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान कर अभिभावकों से अधिकाधिक संख्या में बच्चों के प्रवेश कराने की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रथम सहायक नरेंद्र सिंह फौजदार आदि उपस्थित थे। संचालन अंग्रेजी व्याख्याता योगेश कुमार शर्मा ने किया। इसी प्रकार महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय सिविल लाइंस में प्रधानाचार्य भावना धनखड़ के निर्देशन में बैठक हुई। इसमें पहले 10 छायादार पौधे लगाए गए। साथ ही अभिभावकों को शपथ दिलाई गई। संचालन रेनू कुंतल ने किया।

दावा...1675 स्कूलों में 22820 को दिलाई गई शपथ

शिक्षा विभाग ने दावा किया कि जिले के प्रारम्भिक एवं माध्यमिक शिक्षा के 1675 राजकीय विद्यालयों में विशेष अभिभावक शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संबंधित ग्राम पंचायत/वार्ड के समस्त विभागों के राजकीय कार्मिक एवं अभिभावको को बुलाया गया। बैठक की मॉनीटरिंग के लिए उपखंड स्तर के एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार, सीबीईओ सहित लगाए गए अधिकारियों ने विद्यालयों में जाकर बैठक में भाग लिया। कुम्हेर में 1805, डीग में 2745, कामां में 1935, नगर में 2935, पहाड़ी में 2050, नदबई में 2010, वैर मेें 1967, बयाना में 2331, रूपवास में 2971, सेवर में 2071, कुल 22820 सरकारी कार्मिकों व अभिभावकों को कोरोना जागरुकता शपथ दिलाई गई।

Published on:
18 Jul 2020 06:40 pm