भरतपुर

बारिश से सब्जियों के रेट में भारी तेजी, अनार से भी महंगा हुआ टमाटर, बिक रहा 100 रुपए प्रति किलो

बरसात के मौसम की वजह से सब्जियों के भाव बढ़ गए हैं। खेत व बारियों में बरसात के कारण पानी जमा हो गया है, जिससे सब्जियां गलने लगी हैं। खेत से मंडी और मंडी से दुकान तक आते-आते 20 से 30 प्रतिशत तक सब्जी सड़-गल जाती हैं, जिसे फैंकना मजबूरी बन रहा है। वहीं मौसम की मार के कारण मंडी में सब्जी की आवक भी कम हो रही है।

2 min read
Jul 01, 2024

Vegetable Price Hike : भरतपुर. बरसात शुरू होते ही सब्जी भी भाव खा रही है। बीते एक सप्ताह से सब्जियों के भाव आसमान छूने लगे हैं। अधिकांश रसोई से सब्जी लगभग गायब सी हो गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले तक सब्जी के साथ मुफ्त मिलने वाला धनिया भी फलों के राजा आम से 10 गुना महंगा बिक रहा है। बाजार में आम आजकल आम हो गया है। महज 40 रुपए किलो के भाव आवाज लगा कर कदम-कदम पर बिक रहा है, लेकिन वहीं धनिये को दुकानदार टाट में छिपाकर रख रहे हैं, उसकी कीमत 400 रुपए किलो है। वहीं सभी सब्जियों ने केला को भी बुरी तरह से पछाड़ दिया है। बाजार में केला की कीमत मात्र 30 रुपए किलो है, जबकि घीया, आलू, तोरई, काशीफल 40 रुपए किलो बिक रहे हैं। वहीं भिंडी, पत्ता गोभी व बैंगन 50 रुपए किलो, खीरा व प्याज 60 रुपए किलो, टिंडा व अरबी 70 रुपए किलो तथा गाजर 80 रुपए किलो बिक रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि टमाटर व फूल गोभी के भाव अनार की कीमत के बराबर 100 रुपए किलो हैं। वहीं मिर्ची 120 व नींबू 150 रुपए किलो हैं। जबकि लहसुन, अदरक, शिमला मिर्च और परमल के भाव 160 रुपए किलो चल रहे हैं। हालात ये हैं कि पपीता और प्याज का भाव बराबर है। हालांकि दुकानों से आम को छोड़कर अन्य सभी फल लगभग गायब हैं।

सलाद भी महंगा
सब्जियों की कीमत में आए उछाल के बाद लोगों का रुख दाल की तरफ बढ़ गया है। लेकिन लहसुन, अदरक, प्याज, टमाटर, मिर्च और नींबू के भाव 100 से 160 रुपए किलो तक हो जाने से अब दाल में तड़का लगाने में भी झटका लगने लगा है। वहीं सलाद का स्वाद भी मंहगा हो गया है, प्याज, टमाटर, खीरा, नींबू की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के कारण थाली से सलाद भी गायब सा हो गया है। सब्जियों की कीमत में आए उछाल से हालात ऐसे हो गए हैं कि जिस सब्जी का भाव पूछा उसकी की कीमत से करंट का सा झटका लगता है। गरीब तबके के लोगों को तो प्याज से रोटी खाना भी महंगा पड़ रहा है।

सब्जियों की कम आवक
सब्जी विक्रेता शिवानी ने बताया कि बरसात के मौसम की वजह से सब्जियों के भाव बढ़ गए हैं। खेत व बारियों में बरसात के कारण पानी जमा हो गया है, जिससे सब्जियां गलने लगी हैं। खेत से मंडी और मंडी से दुकान तक आते-आते 20 से 30 प्रतिशत तक सब्जी सड़-गल जाती हैं, जिसे फैंकना मजबूरी बन रहा है। वहीं मौसम की मार के कारण मंडी में सब्जी की आवक भी कम हो रही है।

सब्जी भाव रुपए/किलो
धनिया 400

अदरक 160

शिमला मिर्च 160

परमल 160

लहसुन 160

नींबू 150

मिर्ची 120

टमाटर 100

फूल गोभी 100

गाजर 80

टिंडे 70

अरबी 70

खीरा 60

प्याज 60

सब्जी भाव रुपए/किलो
भिंडी 50

पत्ता गोभी 50

बैंगन 50

घीया 40

आलू 40

तोरई 40

काशीफल 40

फल भाव रुपए/किलो
लीची 240

सेव 200

चीकू 120

अनार 100

पपीता 60

आम 40

सिर्फ आम का सीजन, इसलिए सस्ता
फल विक्रेता परमजीत सिंह ने बताया कि इस वक्त फलों में सिर्फ आम का सीजन चल रहा है। यही वजह है कि वह प्रचुर मात्रा में हैं और कीमत भी काफी सस्ती है।

Published on:
01 Jul 2024 01:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर