भरतपुर

..फिर शर्मिंदा हुआ राजस्थान, पिता के साथ रेलवे स्टेशन पर सोती मासूम को पहले किया अगवा, और फिर फैक्ट्री में ले जाकर किया रेप

..फिर शर्मिंदा हुआ राजस्थान, पिता के साथ रेलवे स्टेशन पर सोती मासूम को पहले किया अगवा, और फिर फैक्ट्री में ले जाकर किया रेप
3 min read
Apr 02, 2019
Feature image

भरतपुर।

राजस्थान में चोरी, लूटपाट के साथ-साथ बलात्कार की घटनाएं भी बढ़ी गई है। आए दिन प्रदेश में दरिंदे बलात्कार जैसी घटनाओं को अंजाम देकर अपना घिनौना रूप दिखा रहे हैं। प्रदेश के भरतपुर जिले में भी मंगलवार को ऐसी ही एक खौफनाक घटना हुई।

रेलवे स्टेशन पर पिता के साथ सो रही एक तीन वर्षीय बालिका को मंगलवार तडक़े अनजान शख्स अगवा कर उसे रेलवे चौकी के पीछे माल गोदाम रोड स्थित एक फैक्ट्री में ले गया और बलात्कार कर भाग गया।

बालिका के रोने की आवाज आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर रेलवे चौकी व जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और बालिका को बदहवास हालत में उसे जनाना अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

उधर, जीआरपी पुलिस बालिका को अगवा करने वाले शख्स की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने स्टेशन इलाके सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन बंद मिलने से पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।

जीआरपी के पुलिस उपाधीक्षक हिमांयु कुबेर खान ने बताया कि उत्तरप्रदेश के मथुरा जिले के थाना बाग निवासी एक व्यक्ति अपनी तीन वर्षीय बालिका के साथ सोमवार रात करीब 8.30 बजे जयपुर से आने वाली ट्रेन से भरतपुर स्टेशन पर उतरा। मथुरा के लिए ट्रेन नहीं होने पर पिता पुत्री को साथ में लेकर स्टेशन पर टिकट घर खिडक़ी के सामने फर्श पर सो गया। सुबह छह बजे बाद उसकी नींद खुली तो बालिका लापता थी। जिस पर उसने आसपास और स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में देखा लेकिन कोई पता नहीं चला। उसने जीआरपी को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने तलाश किया।

तलाशी के दौरान रेलवे पुलिस को माल गोदाम रोड पर एक फैक्ट्री में से बालिका की आवाज की खबर मिली। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो लापता बच्ची फैक्ट्री में बदहवास हालत में मिली। पुलिस ने बालिका को जनाना अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान बच्ची का मेडिकल बोर्ड से स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिसमें उसके साथ बलात्कार होने की पुष्टि हुई। उधर, पुलिस ने बच्ची को स्टेशन से अगवा करने वाले अनजान शख्स की तलाश की लेकिन उसका देर शाम तक कोई पता नहीं चला।

बीमार बेटे को भर्ती कराने गया था जयपुर

बच्चो के पिता ने बताया कि उसका ढाई वर्षीय छोटा बेटा बीमार था, जिसे वह जयपुर में जेके लोन में दिखाने गया था। यहां पर उसे भर्ती कर दिया, जिस पर वह छोटे भाई को छोडक़र ट्रेन से सोमवार शाम को रवाना हो गया। ट्रेन से रात को भरतपुर स्टेशन पर उतर गया। इसके बाद वह बच्ची को लेकर स्टेशन पर टिकट खिडक़ी के आगे सो गया। उसने बताया कि तडक़े उठा तो बच्ची सो रही थी। उसके बाद सुबह करीब 6बजे नींद खुली तो बच्ची गायब थी।

डेढ़ साल पहले मां की हो चुकी है मौत

बालिका की मां की करीब डेढ़ साल पहले मौत हो चुकी है। बालिका से छोटा ढाई वर्षीय उसका भाई है, उसका इलाज कराने पिता जयपुर लेकर गया था। बालिका की देखरेख वह और छोटे भाई की पत्नी कर रही है। वह मथुरा में मजदूरी करता है।

फिर बंद निकले सीसीटीवी कैमरे

शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने स्टेशन के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो वह बंद मिले। बाद में पुलिस ने दुकानों में बाहर की तरफ लगे सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर रही है। उधर, आरोपी की तलाश में जीआरपी एक टीम लगी हुई है। साथ ही फैक्ट्री में डॉग स्क्वायड व एफएसएल टीम से भी जांच करा साक्ष्य लिए गए हैं।


- आरोपी की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। बालिका के होश में आने पर उससे आरोपी के हुलिए के बारे में जानकारी ली जाएगी। फिलहाल बालिका का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। - पूजा अवाना, एसपी जीआरपी

Updated on:
02 Apr 2019 08:23 pm
Published on:
02 Apr 2019 08:23 pm