भरतपुर

Rajasthan : ट्रक और बस में आमने-सामने की भिड़ंत, ड्राइवर सहित बाइक सवार की गई जान, 5 गंभीर घायल

Bharatpur Road Accident : हादसा सुबह करीब 9 बजे सेवर थाना इलाके में सरसों अनुसंधान केंद्र के पास हुआ। लोक परिवहन की बस बयाना से भरतपुर की तरफ जा रही थी।

2 min read
Jun 15, 2024
Bharatpur Road Accident

Rajasthan Road Accident : भरतपुर। राजस्थान में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। भर​तपुर जिले में शनिवार सुबह हुए भीषण हादसे में 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं, 5 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को भरतपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 9 बजे सेवर थाना इलाके में सरसों अनुसंधान केंद्र के पास हुआ। राजस्थान लोक परिवहन की बस बयाना से भरतपुर की तरफ जा रही थी। जिसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। बस जैसे ही सेवर बाइपास पर पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना जबर्दस्त था कि दोनों वाहनों का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

बाइक सवार भी आया चपेट में

पुलिस के मुताबिक हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। बस ड्राइवर हरबान सिंह पुत्र बच्चू सिंह निवासी नंगला टेकरिया रुदावल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बस और ट्रक के बीच फंसने से बाइक सवार प्रताप सिंह पुत्र वासुदेव मीना निवासी रिछौली की मौत हो गई। बाइक सवार प्रताप सिंह रेलवे में सीनियर टेक्नीशियन था और सुबह बयाना से भरतपुर ड्यूटी पर जा रहा था।

ये हुए गंभीर घायल

हादसे में निर्मला पत्नी सुभाष निवासी पनाह नंगला टेरइया उच्चैन, उसका 6 साल का बेटा युवी पुत्र सुभाष, मेहताबी पत्नी रामस्वरूप निवासी कन्नी गुर्जर चौराहा, संदीप पुत्र जुगल किशोर निवासी उच्चैन और अरुण पुत्र पप्पू निवासी उच्चैन गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से भरतपुर के आरबीएम अस्पताल भेजा गया है। जहां पर सभी घायलों का उपचार जारी है।

हादसे के बाद मची चीख पुकार

हादसे के वक्त बस खचाखच भरी हुई थी। ऐसे में बस और ट्रक में आमने-सामने की भिड़ंत के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। कुछ या​त्री बस के शीशे तोड़कर बाहर निकले तो कुछ बस में ही फंस गए। जबर्दस्त धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मदद को दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही सेवर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में सवार लोगों को बाहर निकाला।

हादसे के बाद लगा जाम

भीषण हादसे के बाद सेवर बाइपास पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर करीब आधे घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। ऐसे में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया और जाम खुलवाया। अभी पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Published on:
15 Jun 2024 10:25 am