भरतपुर

रसूख के दबाव में नहीं लगाया घाटमीका व धौलेट में नाका, निकल रहे अवैध खनन सामग्री से भरे वाहन

-खनिज विभाग का एक और नया कारनामा, धौलेट से हरियाणा के रास्ते व घाटमीका से हो रहा परिवहन

2 min read
Aug 27, 2020
रसूख के दबाव में नहीं लगाया घाटमीका व धौलेट में नाका, निकल रहे अवैध खनन सामग्री से भरे वाहन

भरतपुर/पहाड़ी. खनिज विभाग की ओर से भले ही नाके लगाकर अवैध खनन का परिवहन रोकने का दावा किया जा रहा है, लेकिन हकीकत विभाग खुद के ही दावे में उलझा हुआ है। धौलेट से हरियाणा के रास्ते व घाटमीका में नाका तक नहीं दिख रहा है।
खनि एवं भू-विज्ञान विभाग की ओर से अवैध खनन व खनिज मैसनरी स्टोन का अधि अधिक शुल्क मय डीएमएफटी ठेका प्रभावी नहीं होने के कारण जांच के लिए तीन स्थानों पर नाके स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक नाके पर खनि विभाग के कर्मचारी व पांच-पांच होमगार्ड तैनात किए गए। नांगल-धौलेट रोड, छपरा-गंगोरा-विजासना रास्ता, पहाड़ी-कामां रोड टोल के पास नाका स्थापित किया गया था। एसएमई की ओर से आदेश में कहा गया था कि राजस्व अपवंचन को रोकने व अवैध खनन के खिलाफ ठोस कार्रवाई के लिए 15 दिवस के लिए अस्थायी रूप से यह नाके स्थापित किए गए हैं। अगर किसी भी नाके पर बगैर रवन्ना व टीपी के निर्माण सामाग्री से भरे वाहन पाए गए तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अब हकीकत की बात करें तो नांगल क्रशर जोन में अवैध खनन की चोरी रोकने के लिए खनिज विभाग ने हाल में अलग-अलग स्थानों पर नाके लगाए है। लेकिन रसूखदारों के दबाव में धौलेट से हरियाणा मार्ग व घाटमीका को छोड़ दिया गया है। खनिज विभाग ने हाल में पहाड़ी टोल के समीप, नांगल क्रशर जोन, चिनावड़ा जोन, कटी घाटी में नाका लगाया है। पूर्व में घाटमीका चौकी पर लगाया गया नाका हटा दिया गया है। इसका तर्क दिया जा रहा है कि कर्मचारियों का अभाव होने के कारण नाका नहीं लगाया है। जबकि हकीकत कुछ और बताई जा रही है। रसूखदारों को लाभ पहुंचाने के लिए नाके नहीं लगाए गए है। इस रास्ते से अवैध रूप से खनन सामग्री की गाड़ी निकाली जा रही है। इसको लेकर क्रशर संचालकों का एक दल गत दिनों खनिज विभाग के एक अधिकारी से भी मिला है।

अब 250 के स्थान पर 300 रुपए की अवैध वसूली

सूत्रों की मानें तो नांगल क्रशर जोन का रास्ते कटे काफी समय गुजर गया है लेकिन रास्ता खुलवाने या सड़क बनवाने मे स्थानीय प्रशासन से लेकर किसी अन्य ने प्रयास नहीं किए है। जबकि रास्ता मरम्मत का कार्य भी तथा 250 रुपए लोडिंग के नाम के क्रशर संचालकों के जिम्मे लगा दिए है। बताया गया है हाल में 50 रुपए की बढोतरी और कर दी गई है। क्रशर जोन का व्यापारी स्थानीय दबंगई व राजनीति के कारण खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है।

- चार जगह नाके लगाए गए है। कर्मचारियों की कमी होने के कारण घाटमीका, धौलेट में नाका नहीं लगाया गया है। घाटमीका चौकी के समीप पूर्व में लगाया गया नाका हटा लिया गया है। कर्मचारी मिलते ही नाके लगा दिए जाएंगे।
तेजपाल गुप्ता
एमई खनिज विभाग भरतपुर

Published on:
27 Aug 2020 02:21 pm
Also Read
View All