भिलाई

5 एकड़ 62 डिसमिल में फैले अफीम की खेत में चला बुलडोजर, 360 डिग्री कैमरे से करता था फसल की निगरानी

CG News: 5 एकड़ 88 डिसमिल खेत में की गई अफीम की खेती को नष्ट करना जिला प्रशासन और पुलिस के लिए टेढीखीर साबित हुआ। वीवीजी-रामजी के सैकड़ों मजदूर खेत में पहुंचे।

3 min read
Mar 09, 2026

CG News: भिलाई के ग्राम समोदा में 5 एकड़ 62 डिसमिल रकबे में अफीम की खेती को उखाडऩे में लगा पुलिस बल को गाजर घास ने खूब परेशान किया। अफीम के पौधों को उखाड़ते समय उन्हें खुजली होने लगी। इसके बाद दोपहर को जिला प्रशासन ने वीवीजी-रामजी के मजदूरों को बुलाया गया। उनसे भी जब नहीं हुआ, तब करीब 4 बजे अफीम के खेत में बुलडोजर पहुंचा, लेकिन नष्टीकरण को लेकर संशय बना हुआ है। इधर आरोपी विनायक ताम्रकार, विकास विश्नोई और मनीष ठाकुर उर्फ गोली को पुलिस ने दो दिन की रिमांड पर लिया है।

रविवार को 5 एकड़ 88 डिसमिल खेत में की गई अफीम की खेती को नष्ट करना जिला प्रशासन और पुलिस के लिए टेढीखीर साबित हुआ। वीवीजी-रामजी के सैकड़ों मजदूर खेत में पहुंचे। अफीम की खेती को उखाडऩा शुरू किया। पूरे एक दिन में पुलिस के जवान और वीवीजी-रामजी के मजदूर एक हिस्सा भी नहीं उखाड़ सके। इसके बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने एसडीएम हरवंश मिरी को निर्देश दिए कि बुलडोजर चलवा दिया जाए। एसडीएम मौके पर पहुंचे। बुलडोजर खेत में खड़ा था। उन्होंने देखा कि अफीम के पौधों के साथ मिट्टी भी बड़ी मात्रा में आ रही थी। इस कारण बुलडोजर को रोक दिया गया। सभी लौट गए।

फेसिंग में लगाया गया था बिजली का करंट

अफीम की खेती की सिंचाई के लिए शिवनाथ नदी में पंप लगाकर पानी पहुंचाया जा रहा था। विनायक ताम्रकार ने पूरे 5 एकड़ 88 डिसमिल में लोहे की तार से फेंसिंग कराया दिया था। शिवनाथ नदी के किनारे तरफ बिजली तार से पहुंचाया गया। उस तार को फेंसिंग से जोडक़र उसमें करंट सप्लाई किया था, ताकि उसके अंदर कोई घुस न सके। इतना ही नहीं, जब ग्रामीणों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उसके खेत के अंदर गलती से भी कोई चला गया, तो उसकी विनायक ताम्रकार जमकर पिटाई कराता था, इसलिए डर के कारण उस क्षेत्र में कोई जाने की हिम्मत नहीं करता था।

खेत जाने का रास्ता रोकता था विनायक, 4 साल से खेत नहीं गई महिला

झेंझरी निवासी सीताराम ताम्रकार की दोनों बेटियां मधुमति बाला ताम्रकार (58) और प्रीति बाला ताम्रकार (57) हैं। सीताराम की मृत्यु के बाद करीब दस एकड़ दोनों बेटियों के नाम आ गया। कोरोना महामारी के समय मधुमति के पति की मौत हो गई। उसकी दो बेटियां हैं। पुलिस की नोटिस पर रविवार को मधुमति और प्रीति दोनों बहनें थाना पहुंची। उन्होंने बयान में बताया कि पिता के जाने के बाद वर्ष 2023 में मधुमति खेत को देखने गई थी। विनायक ताम्रकार की जमीन से लगा खेत है। विनायक ने झगड़ा-लड़ाई कर खेत जाने का रास्ता नहीं दिया। उसके बाद से वह खेत पर नहीं गई। उसकी छोटी बहन प्रीति तो कभी गई ही नहीं। उस खेत का देख-रेख करीब पांच साल से विनायक ही कर रहा था।

360 डिग्री कैमरा बताता था मूवमेंट

विनायक ताम्रकार ने पुलिया के आगे बिजली पोल पर 360 डिग्री घुमने वाला कैमरा लगा रखा था। वह सोलर से चलता था। वाईफाई से अपने मोबाइल पर कनेक्शन ले रखा था। इसमें डीबीआर नहीं होता है। उसके खेत के तरफ जानवर या किसी आदमी की मूवमेंट होने पर उक्त कैमरा सचेत करता था।

दोनों आरोपियों तक अभी नहीं पहुंची पुलिस

होली के त्योहार मनाने राजस्थान जोधपुर गए अचला राम जाट को पकडऩे पुलिस की टीम तीन दिन से रवाना हुई है, लेकिन वह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। वहीं, विकास विश्नोई के भाई शेख विश्नोई को मेमोरंडम में नाम लिया है, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि नहीं की है।

खेत में गाजर घास का अंबार

अवैध अफीम खेती की कटाई की प्रगति देखने एसडीएम और एएसपी खेत पहुंचे थे। खेत में अफीम के पौधे गाजर घास से ढके हुए थे। जानकारों के मुताबिक गाजर घास बहुत ही खतरनाक होती है। इसे लेकर सरकार ने गाजर घास हटाओ और कुष्ठ मिटाओ का नारा लगवाया था। वैज्ञानिकों के मुताबिक गाजर घास में पार्थेनियम (साइंस नाम पार्थेनियम हिस्टेरोफोरस) पाया जाता है, जो एलर्जी पैदा करता है। इससे लोगों में कुष्ठ रोग की बीमारी होती है।

सीआईडी पहुंची टोह लेने

सूत्रों से जानकारी मिली है कि इस मामले को लेकर गांव में सीआईडी की टीम भी पहुंच गई है। गांव वालों से पूछताछ कर रही है कि और भी आसपास इलाके में अफीम की खेती तो नहीं की गई है। नष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है। अलग-अलग डिपार्टमेंट से परमिशन लेने के बाद इसका नापतोल कराया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी पुलिस बल ही अफीम के पौधों को काट रहा है और जिला प्रशासन से चर्चा करके मजदूरों को ही बुलाया जाएगा ताकि कटाई जल्दी की जा सके। इस मामले में फरार आरोपी की खोजबीन जारी है।
-मणिशंकर चंद्रा, एएसपी ग्रामीण

Updated on:
09 Mar 2026 01:53 pm
Published on:
09 Mar 2026 01:52 pm
Also Read
View All

अगली खबर