
Bhilai murder case: भिलाई नगर थाना क्षेत्र में भिलाई होटल के स्टाफ क्वार्टर के पीछे नर्सरी में मिली कटी मुंडी का रहस्य अब तक अनसुलझा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुष्टि हुई है कि यह मुंडी किसी पुरुष की है, जिसकी उम्र लगभग 45 वर्ष है। पुलिस घटना के बाद से मृतक की शिनाख्त और सिर से अलग धड़ की तलाश में जुटी है। जिले के 90 गुमशुदा लोगों की जानकारी खंगालने के बावजूद पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर कटी मुंडी पुरुष की होने की पुष्टि हुई है। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष होने का अनुमान है। उसकी पहचान के लिए विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रेकॉर्ड खंगाला जा चुका है, लेकिन पहचान नहीं हो सकी है।
धड़ की तलाश पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी है। पुलिस टीमें घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में पतासाजी कर रही हैं। सिर को धड़ से अलग करने की परिस्थितियां भी जांच का विषय हैं। थाना प्रभारी वर्मा के अनुसार, शिनाख्त के बाद डीएनए परीक्षण किया जाएगा। पुलिस गुमशुदगी के रेकॉर्ड और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।