भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में दीपावली मिलन समारोह के नाम से स्थानीय नेता बड़ी तैयारी कर रहे हैं।
भिलाई. जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार की तुलना मुगलकाल के अंतिम शासक बहादुरशाह जफर से की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मुगलकाल इसके बाद समाप्त हो गया था, वैसे ही राज्य से भारतीय जनता पार्टी की सरकार समाप्त हो जाएगी।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि हर किसान तक धान के नुकसान का बोनस नहीं पहुंच रहा है। छात्रों को स्कॉलरशिप नहीं दिया जा रहा है। पहले ठेकेदार शराब बेच रहे थे, अब सरकार खुद बेच रही है।
इससे जनता को क्या फायदा हुआ है, यह बता दिया जाए। शराब और महंगी हो गई है। बारों को बढ़ावा दे रही सरकार, इस वजह से ढाबों में बंद करवाया गया। सरकार अपने कर्मों से ही चले जाएगी, यह भाजपा की प्रदेश में अंतिम सरकार है।
दीपावली मिलन समारोह के नाम पर किया जाएगा शक्ति प्रदर्शन
भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में दीपावली मिलन समारोह के नाम से स्थानीय नेता बड़ी तैयारी कर रहे हैं। पावर हाऊस चौक में स्वागत किया जाएगा, इसके बाद वहां से बाजे गाजे के साथ पार्टी के प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को ओवरब्रिज से सेंट्रल एवेन्यू में लाया जाएगा।
बाइक रैली भी चलेगी साथ
सेक्टर-1 मुर्गा चौक, सेक्टर-2, सेक्टर-5 चौक, सिविक सेंटर होते हुएबाइक रैली के साथजोगी का काफिला जैन भवन पहुंचेगा। जहां पंथी नाच का कार्यक्रम रखा गया है। इस मौके पर आतिशबाजी का कार्यक्रम भी रखा गया है।
टिकट के लिए चल रही जोड़तोड़
भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए जोगी कांग्रेस में जोड़तोड़ तेज हो गईहै। इस क्षेत्र से पहले ही कुछ नाम चर्चा में है, इसमें एक और नाम जुड़ गया है। राजेंद्र अग्रवाल समाज के अध्यक्ष हैं, इस वजह से पार्टी में व्यापारी वर्ग के लोगों की भागीदारी बढ़ेगी, ऐसा पार्टी के नेता मान रहे हैं।
नजर नहीं आए जिलाध्यक्ष
कार्यक्रम भिलाई में है, इस वजह से पत्रकारवार्ता में भी स्थानीय नेताओं की मौजूदगी तय मानी जा रही थी, लेकिन जिलाध्यक्ष जहीर खान व श्रमिक नेता उज्जवल दत्ता दोनों ही नजर नहीं आए। भिलाई से प्रभुनाथ बैठा और के उमाशंकर राव मौजूद थे। इसके अलावा रतन बंजारे, नंद किशोर गुप्ता, दीपक भाटिया, रऊफ खान, विनोद गुप्ता मौजूद थे।