भिलाई

Cold Wave Alert in CG: शीतलहर का अलर्ट… अगले 3 दिनों तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

Cold Wave Alert in CG: विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले तीन दिनों में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। इससे रात और सुबह की ठिठुरन और अधिक बढ़ेगी।
2 min read
Dec 12, 2025
शीतलहर की चेतावनी (photo source- Patrika)
शीतलहर की चेतावनी (photo source- Patrika)

Cold Wave Alert in CG: दुर्ग जिले में ठंड ने दस्तक और तेज कर दी है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री गिरकर 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार यह तापमान औसत से 5.5 डिग्री कम है।

शीतलहर की स्थिति को देखते हुए विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले तीन दिनों में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। इससे रात और सुबह की ठिठुरन और अधिक बढ़ेगी। दूसरी ओर अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक 30.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जो बुधवार के मुकाबले 1.2 डिग्री अधिक है। दिन में धूप चुभ रही है, रात में सर्दी बढ़ रही है।

ठंड से बचाव के लिए निगम ने जलाया अलाव

लगातार बढ़ रही ठंड और संभावित शीतलहर से लोगों को राहत पहुंचाने शहर के प्रमुख स्थानों पर प्रतिदिन अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार ने बताया कि अलाव रात के समय नियमित रूप से जलाए जा रहे हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, जिला चिकित्सालय, प्रमुख चौक और भीड़ वाली जगहों पर अलाव जलाया जा रहा है।

प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, अलाव वाले स्थलों पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आग के फैलने का जोखिम कम करने सुरक्षा उपकरण के साथ आसपास की नियमित सफाई के लिए टीम लगाई गई है।

रात में कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

जिले में रात के समय कोहरा छाने लगा है। मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए प्रशासन आने वाले दिनों में स्कूलों के समय में बदलाव कर सकता है। दिसंबर मध्य से समय परिवर्तन की संभावना मजबूत है। दिसंबर अंत और जनवरी की शुरुआत में दुर्ग संभाग में ठिठुरन और बढऩे का अनुमान है।

अभी दिन और रात का तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन ठिठुरन बढ़ेगी। उत्तर की ठंडी और शुष्क हवा प्रदेश में लगातार प्रवेश कर रही हैं। दुर्ग संभाग भी शीतलहर की चपेट में रहेगा। - एचपी चंद्रा, मौसम विशेषज्ञ

ऐसे समझें ठंड का पैटर्न

वर्ष - अधिकतम - न्यूनतम
2024 - 30.1 - 9.2
2023 - 33.0 - 9.4
2022 - 32.6 - 10.0
2021 - 32.4 - 5.4
2020 - 32.4 - 7.1
2019 - 32.4 - 6.2
2018 - 30.6 - 5.4
2017 - 32.0 - 7.2
2016 - 32.4 - 7.8

डेटा से स्पष्ट है कि दुर्ग का न्यूनतम तापमान कई वर्षों में 5-7 डिग्री तक पहुंच चुका है, और इस बार भी अनुमान इसी दिशा में संकेत दे रहा है।

Updated on:
12 Dec 2025 12:11 pm
Published on:
12 Dec 2025 12:11 pm