
राजनांदगांव. नगर पालिक निगम में वार्ड उपचुनाव की घोषणा होते ही नगर की राजनीतिक हलचल अचानक बढ़ गई है। वार्ड नंबर 26 के कांग्रेस पार्षद शकील अंसारी के निधन से खाली हुई सीट पर चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही शहर कांग्रेस कमेटी सक्रिय हो गई। पार्टी ने कांग्रेस पार्षद दल के साथ एक बैठक की। इससे पहले निगम के सदन के अलावा शहर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस के उंगलियों में गिने जाने वाले पार्षद ही दिखते थे, शहर कांग्रेस कमेटी का कहीं अता पता नहीं था। अब उपचुनाव की तारीख आते ही जनता की समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार कर ली गई।
कांग्रेस के सिर्फ 14 पार्षद चुनाव जीतकर आए थे
राजनांदगांव नगर निगम में 51 वार्ड हैं। वर्ष 2015 में हुए चुनाव में कांग्रेस के सिर्फ 14 पार्षद चुनाव जीतकर आए थे जबकि भाजपा के पार्षदों की संख्या 31 थी। एक बसपा से और एक निर्दलीय की यहां जीत हुई थी। भाजपा के महापौर बनने के बाद नगर निगम में कांग्रेस पहले से कमजोर होती चली गई और उसके पार्षदों की संख्या कम होती चली गई। कुछ टूटकर भाजपा में चले गए तो कुछ जोगी कांग्रेस में आ गए। एक निर्दलीय के पार्टी में आने से पार्टी के पार्षदों का आंकड़ा दहाई के अंक में रहा।
अभी चर्चा होगी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि वार्ड नंबर २६ के चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। उम्मीदवार के नाम को लेकर पार्टी में विचार विमर्श किया जाएगा। एक दो दिन में उम्मीदवार के नाम सामने आ जाएंगे। कांग्रेस यह सीट बरकरार रखेगी।
आवेदन मगाएंगे
जिला भाजपा महामंत्री सावन वर्मा ने कहा कि उप चुनाव में टिकट के लिए अभी पार्टी में किसी ने आवेदन नहीं दिया है। आवेदन आने पर विचार किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में विकास के उल्लेखनीय कार्य के चलते भाजपा इस सीट को हर हाल में जीतेगी।
नेता प्रतिपक्ष ने गिनाई समस्याएं
कांग्रेस भवन में शहर कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस पार्षद दल की एक आवश्यक बैठक आहूत की गई। इस बैठक में पार्षद दल के नेता हफीज खान ने शहर में पेयजल की समस्या व लगातार निगम द्वारा गंदे पानी की सप्लाई पर, पटरीपार व श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में अघोषित विघुत कटौती पर शहर की सफाई व्यवस्था पर व शहर में हो रहे गुणवत्ताहिन निर्माण कार्य पर चर्चा कर अपनी बात रखी। उपस्थित सभी पार्षदो ने अपने अपने वार्डो के अलावा शहर की जनता को हो रही समस्या पर चिंता व्यक्त की।
नौ पार्षद रहे मौजूद
कांग्रेस भवन में हुई बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा के अलावा पार्षदों में हफिज खान, कुलबीर छाबडा़, हेमा देशमुख, विक्रमा नेताम, ममता अशोक पंजवानी, दुलारी बाई, पोषण लाल साहू, प्रज्ञा गुप्ता व प्रतिभा रामटेके उपस्थित थे। एक पार्षद ओमकला कुशवाहा के सुपुत्र अमित कुशवाहा भी बैठक में उपस्थित थे।
कांग्रेस सक्रिय
कांग्रेस के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सदैव आम जनता के हितों के लिए कार्य करती है। उन्होंने कहा कि संगठन पार्षद दल के साथ मिलकर शहर की जनता को साथ में लेकर शीघ्र ही समस्याओं के निदान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगी। वार्ड 26 में होने उपचुनाव के सम्बंध में भी पार्षद दल के सदस्यों ने अपने विचार रखे।
चुनाव कार्यक्रम
निर्वाचन सूचना का प्रकाश 4 जून।
नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की तिथि 11 जून।
नाम निर्देशन पत्रों की जांच 12 जून ।
नाम वापसी 14 जून।
मतदान 24 जून।
मतगणना 27 जून।