
रौशन कुमार और अदिति कुमारी (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Soft Drink Startup: दो होनहार इंजीनियरिंग छात्रों ने बहुराष्ट्रीय साफ्ट ड्रिंक कंपनियों को कड़ी टक्कर देने का बीड़ा उठाया है। कॉलेज की पढ़ाई के साथ उद्यमिता की मिसाल पेश करते हुए रूंगटा यूनिवर्सिटी के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र रौशन कुमार ने अगस्त 2025 में एक किफायती स्वदेशी साफ्ट ड्रिंक ब्रांड की नींव रखी। बाद में सीएस-एआई ब्रांच की छात्रा अदिति कुमारी सह-संस्थापक के रूप में इस स्टार्टअप से जुड़ीं और दोनों ने मिलकर पढ़ाई के साथ कारोबार को नई ऊंचाइयां दीं।
बड़े महानगरों के बजाय इन युवा उद्यमियों ने टियर-2, टियर-3 शहरों और ग्रामीण कस्बों को अपना मुख्य बाजार बनाया। आम, लीची और अनानास जैसे पारंपरिक स्वादों के साथ स्थानीय दुकानदारों व वितरकों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया। इसका परिणाम यह रहा कि अगस्त 2025 से फरवरी 2026 के बीच 7.56 लाख रुपए का कारोबार हुआ, जबकि अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान 36 हजार से अधिक बोतलों की रेकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई।
पारंपरिक फलों के रस के अलावा, इस स्टार्टअप ने नारियल जेली (नता डी कोको) आधारित इनोवेटिव ड्रिंक तैयार किया है, जिसे आम, ड्रैगन फ्रूट, लीची और सीताफल जैसे अनूठे स्वादों में उतारा गया है। इसका उद्देश्य ग्राहकों को सामान्य शीतल पेयों से हटकर एक नया और सेहतमंद स्वाद देना है।
छात्रों के इस स्टार्टअप को रूंगटा यूनिवर्सिटी की बिजनेस इन्क्यूबेशन सेल (रूबी) से लगातार तकनीकी मार्गदर्शन और विशेषज्ञों का सहयोग मिल रहा है। इन दोनों युवा संस्थापकों का अब मुख्य लक्ष्य अपनी इस क्षेत्रीय पहल को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।
Updated on:
25 Oct 2026, 8:56 AM IST
Published on:
25 Oct 2026, 8:56 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.