
राजनांदगांव. फोर्स ने गुरूवार को दोपहर मुठभेड़ में जीआरबी डिविजन के एक वर्दीधारी नक्सली को ढेर करने में सफलता हासिल की है। बकरकट्टा क्षेत्र के बूटाकसा इलाके में जीआरबी डिविजन के कमांडर पहाड़ सिंह की टुकड़ी की मौजूदगी की सूचना पर जंगल में निकली पुलिस टीम की उससे भिड़ंत भी हुई और फोर्स को इसमें सफलता भी मिली है।
बकरकट्टा थाना क्षेत्र के दुटागढ़ के जंगल में हुई मुठभेड़
राजनांदगांव में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आज दोपहर एक सफलता बकरकट्टा क्षेत्र में मिली है। डीआरजी, एसटीएफ, हॉक फोर्स और आईटीबीपी की संयुक्त टुकड़ी ने बकरकट्टा थाना क्षेत्र के दुटागढ़ के जंगल में हुई मुठभेड़ में एक वर्दीधारी नक्सली को मार गिराया है। जंगल में फोर्स की गोंदिया राजनांदगांव बालाघाट (जीआरबी) डिविजन के कमांडर पहाड़ सिंह से मुठभेड़ हुई है। इस दौरान करीब ४५ की संख्या में माओवादी मौजूद थे। मुठभेड़ के बाद फोर्स के सामने खुद को कमजोर पाकर पहाड़ सिंह और उसके साथी जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए। बाद में सर्चिंग करने पर पुलिस को मौके से एक माओवादी का शव बरामद हुआ है।
दहशत फैला रहे इलाके में
राजनांदगांव कें छुईखदान, खैरागढ़, गंडई, गातापार और बकरकट्टा इलाके में माओवादी पिछले कुछ समय से लगातार अपनी उपस्थिति का अहसास करा रहे हैं। दो दिन पहले ही गंडई क्षेत्र के पैलीमेटा इलाके में नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की मुखबिरी के शक में हत्या कर दी थी। मानपुर इलाके में फोर्स के बढ़ते दबाव के बाद माओवादी एक बार फिर इन इलाकों में सक्रिय हो रहे हैं। हालांकि फोर्स भी जंगल में नियमित गश्त में लगी है। इसी के चलते आज यह मुठभेड़ हुई है।
चारों टीमें थीं जंगल में
बकरकट्टा थाना क्षेत्र के बूटाकसा इलाके के जंगल में जिला पुलिस बल के अलावा आईटीबीपी, एसटीएफ और हाक फोर्स एक साथ निकली थी, कि उनका नक्सलियों से आमना सामना हो गया। जीआबी डिविजन का कमांंडर मुठभेड़ के बाद भागने में कामयाब हो गया।
फोर्स है सुरक्षित
एएसपी (नक्सल सेल) वायपी सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में एक माओवादी को मार गिराया गया है। उन्होंने बताया कि फोर्स पूरी तरह सुरक्षित है। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसमें एक माओवादी का शव और अन्य सामान बरामद किया गया है।
फोर्स ने इलाके में सर्च अभियान चलाया
बूटाकसा इलाके के जंगल में मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान फोर्स को प्रेसर आईईटी, २५ से ३० की संख्या में पि_ू, माओवादियों की किताबें, इलेक्ट्रानिक सामान के अलावा अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद करने में भी सफलता मिली है। राजनांदगांव जिले के गातापार और बकरकट्टा इलाके में नक्सली लगातार अपनी उपस्थिति दे रहे हैं। इस इलाके में नक्सालियों की मौजूदगी की सूचना के बाद फोर्स ने इलाके में सर्च अभियान चलाया और इसी बीच मुठभेड़ हो गई।