भिलाई

CG Weather Update: 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक इस जिले में होगी भारी बारिश, बन रहा ये चक्रवाती सिस्टम, IMD ने दी चेतावनी

Weather Update: मौसम विभाग ने 30 सितंबर के बाद अगले चार दिन दुर्ग जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि, एक अक्टूबर को उत्तर बंगाल की खाड़ी और आसपास के मध्य भाग में एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है।
2 min read
Sep 30, 2025
भारी बारिश की चेतावनी (पत्रिका फोटो)
भारी बारिश की चेतावनी (पत्रिका फोटो)

CG Weather Update: दुर्ग जिले में फिलहाल हर दिन बारिश हो रही है। रविवार की रात को भी जिले में 4.6 मिमी. बारिश हुई। करीब आधा घंटा तेज पानी बरसा। इसके बाद सोमवार को दोपहर में पहले काले बादल छाए और बूंदाबांदी होने लगी। हर दिन हो रही बारिश के बाद भी जिले में उमस में कमी नहीं आई है।

दिन में सुबह खिल रही तेज धूप उमस में दोगुना इजाफा कर रही है। फिलहाल, दुर्ग जिले का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री पर स्थिर बना हुआ है। बारिश के बावजूद दिन का पारा 30 डिग्री के नीचे नहीं पहुंचा। रात के तापमान में भी वृद्धि बनी हुई है। न्यूनतम तापमान फिलहाल औसत से 2 डिग्री की गिरावट पर 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी

इस बीच मौसम विभाग ने 30 सितंबर के बाद अगले चार दिन दुर्ग जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि, एक अक्टूबर को उत्तर बंगाल की खाड़ी और आसपास के मध्य भाग में एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है।

CG Weather Update: बन रहा ये सिस्टम

इसके प्रभाव से मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर और दुर्ग संभाग में भारी बारिश संभावित है। 5 अक्टूबर के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। एक अन्य सिस्टम तैयार होता दिख रहा है, जिसमें उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्रों पर समुद्र तल के नजदीक एक चक्रवात भी बन रहा है। यह दोनों सिस्टम मिलकर मौसम तंत्र को प्रभावित करेंगे, जिससे बारिश होना संभावित है। इस बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना बेहद कम है।

वहीं, उमस में और बढ़ोतरी हो सकती है। दुर्ग जिले में पिछले हफ्तेभर से लगातार शाम-रात में बारिश का दौर जारी है। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, यह पोस्ट मानसून की बारिश है, जो अक्टूबर तक बनी रह सकती है। इस साल त्योहारी सीजन नवरात्रि में लगभग हर दिन बारिश हुई है। कुछ ऐसा हाल दीपावली के दौरान भी दिखाई दे सकता है।

Updated on:
30 Sept 2025 11:58 am
Published on:
30 Sept 2025 11:58 am