भीलवाड़ा

नगर परिषद: 13 मिनट में पास 254 करोड़ का बजट, विरोध में आंखों पर काली पट्टी बांधकर आए भाजपा पार्षद -बोले-शहर में नहीं हो रहा है विकास

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
bhilwara nagar parishad
नगर परिषद: 13 मिनट में पास 254 करोड़ का बजट, विरोध में आंखों पर काली पट्टी बांधकर आए भाजपा पार्षद -बोले-शहर में नहीं हो रहा है विकास

भीलवाड़ा।

नगर परिषद में एक साल बाद बजट बोर्ड बैठक हुई, जो महज १३ मिनट चली और इसमें जोरदार हंगामा हुआ। हालांकि चंद मिनट चली इस बैठक में शहर के विकास के लिए 254 करोड़ रुपए का बजट पारित कर दिया गया। सभापति ललिता समदानी बजट भाषण पढ़ती रही, वहीं भाजपा के पार्षदों ने इसका विरोध किया।

पूर्व सभापति दीपिका कंवर, उप सभापति मुकेश शर्मा, विजय लढ़ा, नागेंद्रङ्क्षसह, राजेंद्र पोरवाल आदि भाजपा पार्षद विरोध स्वरूप आंखों पर काली पट्टी बांधकर बैठक में शरीक हुए। कहा, शहर में परिषद कोई काम नहीं करा रही। अब बजट बैठक में भी मनमानी हो रही है। उन्होंने शुरू में बैठक निरस्त करने का प्रस्ताव रखा व हो हल्ला शुरू कर दिया। सभापति समदानी हंगामे को नजरअंदाज कर भाषण पढ़ती रही। बजट भाषण पूरा होते ही पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि के लिए दो मिनट का मौन रखा। मौन पूरा होते ही भारत माता का जयकारा लगा बैठक समाप्त कर दी। आयुक्त नसीम शेख व अधिशासी अभियंता सूर्यप्रकाश संचेती आदि उपस्थित थे।

कांग्रेसी पार्षदों का मिला साथ


भाजपा के पार्षद बैठक का विरोध कर रहे थे, वहीं कांग्रेस पार्षदों ने सभापति का साथ दिया और बैठक चलती रही। पार्षद विश्वबंधुसिंह राठौड़, मनोज पालीवाल आदि पार्षदों ने समर्थन किया। नेता प्रतिपक्ष समदुदेवी खटीक भी बैठक में शांत रही।

बैठक के बाद पहुंचे विधायक, की चर्चा

बैठक के बाद विधायक वि_लशंकर अवस्थी सभापति समदानी के कक्ष में पहुंचे और शहर के विकास पर चर्चा की। अनुमोदित बजट की जानकारी ली। साथ ही आय-व्यय के बारे में पूछा। सभापति ने कहा कि कुछ पार्षद विकास में बाधा डालना चाहते हैं लेकिन परिषद में बिना भेदभाव विकास होगा। अभी 55 ही वार्डों में विकास के लिए निविदा लगाई है। विधायक और सभापति की मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय रही। हालांकि कुछ लोगों ने कहा, विधायक अपने बेटे की शादी का न्योता देने आए थे।

कार्यवाहक बनेंगे स्थाई जमादार

परिषद में अभी कार्यवाहक जमादार हैं, उन्हें स्थाई किया जाएगा। पार्षद राजकुमार घावरी ने बताया, 40 पार्षदों ने हस्ताक्षर कर सहमति दे दी है। इस संबंध में अब आयुक्त व सभापति स्तर पर निर्णय लेकर यह काम कर दिया जाएगा।

Published on:
17 Feb 2019 02:00 am