
निर्दलीय प्रत्याशी रोहित कुमार सैन के साथ मौजूद अन्य लोग (पत्रिका फोटो)
Bhilwara Nagar Nikay Chunav 2026: नगर निकाय चुनाव में नाम वापसी के आखिरी दिन भीलवाड़ा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भीलवाड़ा नगर निगम के वार्ड नंबर-49 से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे रोहित कुमार सैन ने बीजेपी प्रत्याशी अमित कुमार सारस्वत पर चुनाव से हटने के लिए एक लाख रुपए देने का आरोप लगाया है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद रोहित सैन भीमगंज थाने पहुंचे और पुलिस को रिपोर्ट दी। पुलिस ने रोहित की निशानदेही पर घर से एक लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। अब पुलिस घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रोहित सैन के अनुसार, उन्होंने बीजेपी से टिकट मांगा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर वार्ड नंबर-49 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। उनका आरोप है कि बीजेपी प्रत्याशी अमित कुमार सारस्वत पिछले चार-पांच दिनों से लगातार उनसे चुनाव से हटने के लिए कह रहे थे।
रोहित के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच अमित उनके घर पहुंचे। दोनों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई। अमित ने उनसे चुनाव से हटने के लिए कहा। रोहित ने तत्काल कोई जवाब देने से इनकार करते हुए कहा कि वह अपनी टीम से बातचीत करने के बाद ही कोई फैसला लेंगे। रोहित का कहना है कि इसके बाद अमित वहां से चले गए। कुछ देर बाद वह दोबारा उनके घर पहुंचे और कमरे में एक लाख रुपए रखकर चले गए।
रोहित सैन के मुताबिक, बाद में अमित सारस्वत ने उन्हें फोन किया और कहा कि वह एक लाख रुपए वहां छोड़कर जा रहे हैं और बाकी लोगों तक भी पैसे पहुंचा देंगे। इस पर रोहित ने उनसे पूछा कि उन्होंने पैसे कब मांगे थे। रोहित के अनुसार, सवाल पूछने के बाद अमित ने फोन काट दिया। रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी कहा है कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी इसलिए दी, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके और भविष्य में उन पर पैसे लेकर चुनाव से हटने का आरोप न लगे।
रोहित कुमार सैन ने बताया, मैं वार्ड नंबर 49 से निर्दलीय प्रत्याशी हूं। मैंने बीजेपी से टिकट मांगा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहा हूं। अमित सारस्वत से लगातार मेरी बात हो रही थी कि आप चुनाव से बैठ जाइए। मैं चुनाव में नहीं बैठूंगा, इस वजह से वह दूसरे लोगों से भी फोन करवा रहा था।
आज वह मेरे घर आया और मुझसे कहा कि रोहित यार, भाई मेरे, आप चुनाव से हट जाओ, वरना कांग्रेस आ जाएगी। मैंने चुनाव से हटने से मना कर दिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक मुझसे बात हुई। मैंने कहा कि मैं अपनी टीम से पूरी बात करूंगा। अगर आप जीतते हैं तो आप जीत जाना, कोई बात नहीं, लेकिन मैं अपनी टीम से पूछकर ही चुनाव से हटने का फैसला करूंगा।
इसके कुछ देर बाद वह अचानक मेरे घर पहुंच गया। उसने मुझे फोन करके कहा कि एक लाख रुपए मैं यहां छोड़कर जा रहा हूं, बाकी भेज दूंगा। मैंने उससे पूछा कि मैंने कब पैसे मांगे? इसके बाद उसने फोन काट दिया और एक लाख रुपए बेड पर छोड़कर चला गया।
मामले में भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि माणिक्य नगर निवासी रोहित सैन थाने आए और उन्होंने रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार, अमित नाम का एक प्रत्याशी सुबह उनके घर आया था। उस समय रोहित की पत्नी खाना बना रही थी। आरोप है कि अमित ने घर के कमरे में बेड पर करीब एक लाख रुपए रखे और वहां से चला गया। थाना प्रभारी ने बताया कि रोहित की पत्नी ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद रोहित घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर एक लाख रुपए की राशि जब्त कर ली।
भीलवाड़ा नगर निकाय चुनाव में गुरुवार को नाम वापसी का आखिरी दिन है। ऐसे में राजनीतिक दलों की ओर से निर्दलीय प्रत्याशियों को अपने पक्ष में करने की कोशिशें तेज हैं। इसी दौरान वार्ड-49 का यह मामला सामने आया है। फिलहाल, रोहित सैन की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
Updated on:
03 Sept 2026 02:42 pm
Published on:
03 Sept 2026 02:33 pm
