
भीलवाड़ा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस की नवगठित कार्यकारिणी से पहले भीलवाड़ा शहर की दोनों ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी पर मुहर लगा दी। पूर्वी व पश्चिमी ब्लॉक कांग्रेस की कार्यकारिणी में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की कार्ययोजना के अनुसार 16—16 उपाध्यक्ष एवं
17—17 महामंत्रियों को शामिल किया गया है। दोनों में एक-एक संगठन महामंत्री नियुक्ति की गई है। इसी प्रकार दोनों ब्लॉक कार्यकारिणी में महिलाओं कार्यकर्ताओं को भी तरजीह दी गई है। कई नाम एेसे भी हैं जिन्हें इस बार दोनों ब्लॉक कार्यकारिणी में जगह नहीं मिली।
कहीं खुशी, वहीं विरोध के सुर
पूर्वी ब्लाक अध्यक्ष हेमेन्द्र शर्मा व पश्चिम ब्लॉक अध्यक्ष मंजू पोखरना ने अपनी-अपनी कार्यकारिणी का गठन कर मंजूरी के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा को भिजवाया था। जिलाध्यक्ष शर्मा ने फीडबेक के आधार पर कार्यकारिणी में आंशिक बदलाव किया और अंतिम मंजूरी के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भिजवाया। प्रदेश नेतृत्व ने दोनों ब्लॉक कार्यकारिणी कमेटियों को मंजूरी दे दी है। दोनों ब्लॉक अध्यक्षों ने रविवार को कार्यकारिणी सार्वजनिक कर दी। कार्यकारिणी में शामिल नहीं किए जाने से कई ने नाराजगी भी जताई है।
सबको साथ लेकर चलने का दावा
कांग्रेस जिला महामंत्री महेश सोनी ने बताया कि पूर्वी ब्लॉक कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष एवं महामंत्री के अतिरिक्त 16—16 सचिव व संयुक्त सचिव तथा छह कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति की गई है। इसी प्रकार पश्चिमी ब्लॉक में 13 सचिव व 21 सह सचिव नियुक्त हुए हैं। कार्यकारिणी सदस्यों की भी संख्या नौ है। सोनी ने दावा किया है कि दोनों ब्लॉक की कार्यकारिणी में सक्रिय एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई। सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है और कार्यकारिणी संतुलित है।
अब जिले पर नजर
जिलाध्यक्ष शर्मा ने जिला कार्यकारिणी तैयार कर मंजूरी के लिए प्रदेश कमेटी को भिजवा रखा है। ये कार्यकारिणी भी जम्बो होगी और ब्लॉक कार्यकारिणी की तरह उपाध्यक्ष व महासचिव की नियुक्ति होगी। जिला कार्यकारिणी को भी इसी पखवाड़ा हरी झंडी मिलने की संभावना है।