भीलवाड़ा

पैर का उपचार करने आई 6 साल की छात्रा कोरोना संक्रमित निकली

जिले में 24 दिन बाद फिर कोरोना ने दस्तक दी। कंवलियास की रहने वाली छह साल की छात्रा जांच में कोरोना संक्रमित पाई गई।
less than 1 minute read
Bhilwara Coronavirus case Update

भीलवाड़ा। जिले में 24 दिन बाद फिर कोरोना ने दस्तक दी। कंवलियास की रहने वाली छह साल की छात्रा जांच में कोरोना संक्रमित पाई गई। नाईका खेड़ा राजकीय प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा की छात्रा को पैर में कांटा चुभने के बाद मंगलवार को महात्मा गांधी अस्पताल में ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया गया था। पैर में माईनर ऑपरेशन होने के कारण डॉक्टरों ने छात्रा की कोरोना जांच करवाई।

बुधवार दोपहर उसकी जांच रिपोर्ट में पॉजीटिव पाई गई। छात्रा में कोरोना के कोई लक्षण नहीं है।
छात्रा के कोरोना पॉजिटिव आते ही चिकित्सा विभाग में खलबली मच गई। चिकित्सा विभाग की टीम ने छात्रा के परिजनों व चिकित्सालय स्टॉफ के सेम्पल लेकर जांच के लिए भेजा। बुधवार को विद्यालय में अवकाश हो जाने के कारण अब गुरूवार को वहां के स्टॉफ व विद्यार्थियों की भी जांच जाएगी।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. घनश्याम चावला ने बताया कि छात्रा में किसी तरह के कोरोना के लक्षण नहीं है। वह पैर में कांटा चुभने के कारण यहां अस्पताल में आई थी। जिले में गत 7 नवम्बर को एक महिला व पुर का एक खिलाड़ी संक्रमित पाया गया था। उसके बाद से ही जिला कोरोना मुक्त चल रहा था। हालांकि प्रदेश के कई जिलों में कोरोना ने फिर से दस्तक दे दी है। ऐसे में सभी को सावधानी रखना जरूरी हो गया है।

Published on:
01 Dec 2021 09:02 pm