भीलवाड़ा

राजस्थान में भीलवाड़ा नंबर-1: जल संरक्षण मॉडल बना पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण, DM संधू को राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी सम्मानित

Bhilwara Water Conservation: भीलवाड़ा ने जल संरक्षण में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए केंद्र के JSJB अभियान में राजस्थान में पहला और देश में दूसरा स्थान पाया। एक मार्च से 30 मई तक चले अभियान से भूजल स्तर 3.57 मीटर बढ़ा।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2025, 2:18 PM IST
Bhilwara
कलेक्टर जसमीत सिंह संधू (फोटो- पत्रिका)

Bhilwara Water Conservation: भीलवाड़ा ने जल संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार के ‘जल संचय जन भागीदारी’ (JSJB) अभियान में राजस्थान में पहला और पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल किया है।

बता दें कि इस अभियान का सबसे बड़ा असर यह देखा गया कि जिले में भूजल स्तर 3.57 मीटर तक बढ़ गया, जो अपने आप में एक बड़ी सफलता है। इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 नवंबर को दिल्ली में भीलवाड़ा के कलेक्टर जसमीत सिंह संधू को सम्मानित करेंगी। यह सम्मान पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण होगा, क्योंकि यह उपलब्धि सरकारी विभागों के साथ-साथ आम लोगों की भागीदारी से संभव हुई है।

केंद्र सरकार ने चलाया था अभियान


केंद्र सरकार ने 1 मार्च से 30 मई तक यह अभियान चलाया था। इसका उद्देश्य जिले में कृषि क्षेत्र को बढ़ाना, लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना और भूजल स्तर में सुधार करना था। अभियान के दौरान कई विभागों ने मिलकर बड़े पैमाने पर काम किया।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने 81,410 कार्य पूरे किए। जलदाय विभाग ने 19,017, कृषि विभाग ने 672, वन विभाग ने 2,284, जलापूर्ति विभाग ने 1,128 और भूजल विभाग ने 22 कार्य किए। इसके अलावा अन्य विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने 279 कार्य किए।

कुल मिलाकर 1,01,910 कार्य किए गए, जिनमें से 46,526 नई जल संरचनाएं बनाई गईं और 55,384 पुरानी जल संरचनाओं की मरम्मत हुई। इन सभी प्रयासों का नतीजा यह रहा कि जिले के भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ।

कलेक्टर संधू ने कहा कि यह सफलता जनता की सक्रिय भागीदारी से ही संभव हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हर बूंद पानी का सही उपयोग करें। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण इलाकों में जल संरक्षण बहुत अच्छी तरह हो रहा है, लेकिन शहरी निजी कॉलोनियों में अभी भी जागरुकता की जरूरत है। भूजल स्तर बढ़ना पूरे जिले के लिए खुशी की बात है और आगे भी इस दिशा में प्रयास जारी रहने चाहिए।

Updated on:
17 Nov 2025, 2:18 PM IST
Published on: