हरित संगम मेला में हुई प्रतियोगिताएं, आज कवि सम्मेलन
Bhilwara news : बैंड बाजे व भक्ति संगीत के बीच बाल हनुमानजी अवधपुरी में (चित्रकूट धाम) रामजी से मिलने पहुंचे। मौका था अयोध्या में राम मंदिर के प्रथम पाटोत्सव का। तिथि के अनुसार पिछले साल अयोध्या में राममंदिर की प्राण प्रतिष्ठा इसी दिन हुई थी। शनिवार को संकटमोचन मंदिर से महंत बाबूगिरी के सानिध्य में शोभायात्रा निकाली गई। इसमें महिलाएं नृत्य कर रही थी।
यात्रा अपना संस्थान एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में हरित संगम स्वच्छता पर्यावरण मेले में पहुंची। यहां श्रीराम की प्रतिमा के स्थान पर हनुमानजी का मिलन करवाया। आरती महंत बाबूगिरी व नगर निगम के महापौर राकेश पाठक ने की। शहरवासियों ने एक दिया राम का प्रज्ज्वलित किया तो अवधपुरी जगमगा उठी। एक शाम राम के नाम में श्रीराम के संस्मरणों पर आधारित प्रस्तुतियां हुई। निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी, अपना संस्थान प्रांत सचिव विनोद मेलाना, राधेश्याम सोमानी, श्याम राठौड़, गोपीकृष्ण पाटोदिया उपस्थित थे। मेले में जानकी रसोई (चौपाटी बाजार) के तहत कई स्टॉल्स पर अलग अलग प्रकार के व्यंजनों का लुत्फ उठाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। मेले में फ्लावर शो का आयोजन किया गया। इसे देखने के लिए दिनभर छात्रों का तांता लगा रहा। गुरला के चन्द्रवीर सिंह पुरावत की ओर से बोंसाई संग्रह का प्रदर्शन किया।
मेहंदी और चित्रकला प्रतियोगिता
मेहंदी में राज चोपड़ा प्रथम, श्वेता चौधरी द्वितीय, ज्योति प्रजापत तृतीय, चित्रकला के जूनियर वर्ग में सुहानी अजमेरा प्रथम, दिविजा मंडोवरा द्वितीय, टीवीशा जैन तृतीय, सीनियर वर्ग में सिद्धि चौधरी प्रथम, शुभम गुर्जर द्वितीय, शिल्पा डांगी तृतीय रहे। स्पून रेस में जानवी राठौड़ प्रथम, सेजल चिता द्वितीय, नंदिनी साहू तृतीय व युवकों में आदर्श शर्मा प्रथम, चिराग अहीर द्वितीय, अर्पित सुवालका तृतीय रहे।
ट्रेजर हंट ने बढ़ाया रोमांच
ट्रेजर हंट (खजाने की खोज) ने रोमांच भर दिया। मेला प्रांगण के अलग अलग हिस्सों से जुड़ी पहेलियों का जवाब ढूंढ़ने के लिए सभी प्रतिभागी टीमें दौड़ लगाने के साथ दिमागी कसरत करती नजर आई। इसमें रघुवंशी टीम प्रथम व रघुकुल टीम द्वितीय रही।
निकली साइकिल रैली
पर्यावरण एवं स्वच्छता का संदेश देने को गर्ल्स स्कूल से छात्राओं की साइकिल रैली निकाली। प्रभारी अरुण मुछाल ने बताया कि रैली को हरी झंडी अति. जिला शिक्षा अधिकारी नारायण जागेटिया, अभियंता पुष्पेंद्र बैरागी, उप प्रधानाचार्या अरुणा झंवर ने दिखाई।
आज मिसेज संस्कृति
सुबह 10.30 बजे स्टेशन चौराहे से साइकिल रैली निकालेंगे। दोपहर में खेलकूद, मिसेज संस्कृति व शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। रात 8 बजे कवि सम्मेलन होगा। कवि अतुल काष्ट ने बताया कि ओमपाल निडर, अंगद धारिया आगरा, अजय अंजाम ओरैया, दमदार बनारसी, अशोक भाटी उज्जैन, रुद्रप्रताप रुद्र रीवा, श्रीकांत सरल उज्जैन, कुलदीप प्रियदर्शी, दीपशिखा रावल, रेणु शर्मा पाठ करेंगे।