प्रदूषण नियंत्रण मंडल टीम को सुशांत सिटी में बंद मिली दोनों एसटीपी
Bhilwara news : राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल बोर्ड ने अजमेर रोड स्थित अंसल सुशांत सिटी पर पर्यावरण नियमों की अनदेखी पर 4 करोड़ 28 लाख रुपए जुर्माना लगाया था। यह राशि अभी तक विभाग में जमा नहीं कराई, लेकिन डवलपर्स के फिर से कोठारी नदी में दूषित पानी छोड़ने की शिकायत मिली है। कोठारी नदी प्रदूषित हो रही है।
मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी दीपक धनेटवाल ने बताया कि अंसल निवासी राकेश व्यास ने शिकायत दी कि डवलपर्स एसटीपी का संचालन नहीं कर घरों से निकला दूषित पानी नदी में छोड़ रहा है। शिकायत पर टीम भेजी, जिसने पाया कि कॉलोनी के चारों तरफ गंदा पानी फैला था। दोनों एसटीपी बंद थे। दूषित पानी सीधा कोठारी में जा रहा था। सीवरेज का पानी कोठारी के आरजिया एनीकट में जा रहा था। यह पानी नदी में आ रहा है। धनेटवाल ने बताया कि अंसल टाउनशिप ने मंडल से संचालन अनुमति नहीं ले रखी है। इसे लेकर अंसल प्रोपर्टी एंड इंफ्रा स्ट्रैक्चर को बार-बार नोटिस देने के बावजूद अनुमति नहीं दी। मंडल ने टाउनशिप में पर्याप्त क्षमता के एसटीपी का संचालन व कोठारी नदी में अनुपचारित सीवरेज को रोकने को भी नोटिस दिए थे। दूषित पानी नदी में छोड़ना मिलने पर डवलपर्स को सुनवाई का अवसर भी दिया। टाउनशिप की ओर से ठोस अनुपालना नहीं करने पर मंडल ने 22 अगस्त को 4 करोड़ 28 लाख 70 हजार 800 रुपए का पर्यावरण क्षतिपूर्ति जुर्माना लगाया था। यह राशि अब तक जमा नहीं कराई है। इसे लेकर भी मंडल ने नोटिस दिया। एक और रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।