हवा में घुलता यह जहर सेहत को नुकसान पहुंचा रहा है।
Bhilwara news : शहर में लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है। हवा में घुलता यह जहर सेहत को नुकसान पहुंचा रहा है। वायु प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण शहर में जगह-जगह खुले में जलाया जाने वाला कचरा क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का कारण है। कुवाड़ा क्षेत्र में बने कचरा डंम्पिग यार्ड में रोजाना कचरे से धुआं उठता है। इससे आसपास की स्कूल व पंजीयन कार्यालय तक के लोगों को परेशान है। पिछले कई दिनों से आग लगी होने से इसमें रह-रह कर धुआं उठ रहा है। सफाई कर्मचारी जेल चौराहे पर स्थित कचरा स्टैंड पर भी कचरे में आग लगा देते है।
गौरतलब है कि कुवाड़ा के डंम्पिग यार्ड को विधायक अशोक कोठारी ने आग व मवेशी का दिनभर यहां लगने वाले जमावड़े के कारण बंद करवाया था। निगम की बजट बैठक में भाजपा पार्षदों ने इसका विरोध करते हुए कोठारी को आडे हाथों लिया था। उस समय भी कोठारी ने साफ कहा था कि वहां हर दिन आग लगती है। क्षेत्र के लोग परेशान है। यार्ड की दीवार टूटी होने से उसका पुन: निर्माण करवाने की जरूरत बताई।
शहर की हवा हो रही जहरीली
प्रदूषण के कारण शहर की हवा जहरीली हो रही है। हवा में घुले प्रदूषक तत्व आम लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर डाल रहे है।हाई एक्यूआई हवा में ऑक्सीजन की मात्रा को कम कर देता है। इससे सांस लेने में भी दिक्कत के साथ त्वचा की प्राकृतिक नमी बनाए रखने की क्षमता प्रभावित होती है। इस सम्बंध में क्षेत्र के लोग शिकायत करके हार गए। क्षेत्रवासियों ने सुबह की सैर तक बंद कर दी। यहां कचरा डालने के बाद यहां आग लगा दी जाती है।
करेंगे कार्रवाई
डंम्पिग यार्ड में कचरे में लगी आग से निकलने वाले धुएं से लोगों को परेशानी हो रही है। शिकायत कई बार मिल चुकी है। इसके लिए निगम आयुक्त को नोटिस भी जारी किया। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होने से इसकी रिपोर्ट मुख्यालय बनाकर भेजी है।
- दीपक धनेटवाल, क्षेत्रीय अधिकारी आरपीसीबी