- बोर्ड परीक्षा में लापरवाही - परीक्षा के लिए स्थापित कंट्रोल का फोन कई दिनों से खराब - कर्मचारी कार्यालय के दरवाजे बंद कर बैंच पर बैठकर लगाते गप्पे
Bhilwara news : माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से चल रही कक्षा 10वी व 12वी बोर्ड की परीक्षा में इस बार सभी सुविधा चौक चौबंद होने का प्रदेश सरकार का दावा भीलवाड़ा में फेल हो रहा है। बोर्ड परीक्षा में ही लापरवाही बरती जा रही है। यहां बोर्ड परीक्षा के दौरान बने कंट्रोल रूम का फोन कई दिन से खराब पड़ा है। मजेदार बात यह है कि कंट्रोल रूम के लिए तैनात कर्मचारी कार्यालय के दरवाजे बंद कर बाहर बैंच में बैठकर गप्पे लगाते है। राजस्थान पत्रिका टीम ने शनिवार को शिक्षा विभाग में बने कंट्रोल रूम का जायजा लिया तो हालात कुछ इसी तरह के मिले। टीम को देखकर कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया। जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी बेपरवाह हैं।
दरअसल, बोर्ड परीक्षा के दौरान किसी भी घटना की जानकारी या फिर अन्य सहायता के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) प्रथम में कंट्रोल रूम बना रखा है। यहां कंट्रोल रूम का फोन कई दिनों से डेड पड़ा है। कंट्रोल का फोन 01482-241226 लोग मिलाते ही रहे, लेकिन कोई हरकत न होने पर इसकी सूचना राजस्थान पत्रिका को दी। पत्रिका टीम ने फोन लगाया तो घंटी तो बज रही थी, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। टीम दोपहर एक बजे कंट्रोल रूम पहुंची तो शिक्षा विभाग प्रथम के मुख्य द्वार बंद था। तीन कर्मचारी रमन सोनी, मुकेश सेन तथा सहायक कर्मचारी नवदीप विश्नोई कार्यालय के बाहर बैंच पर बैठकर गप्पे लगा रहे थे। जबकि इनकी डयूटी का समय दोपहर 2 से रात 9 बजे तक का है। सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक प्रेमशंकर जोशी व फारूक मोहम्मद मंसूरी की डयूटी थी, लेकिन दोनों कर्मचारी दोपहर 1 बजे कार्यालय से नदारद थे। बाहर बैठे कर्मचारियों से फोन के बारे में पूछा तो उनका कहना था कि फोन बंद पड़ा है। इसकी शिकायत कर रखी है। कंट्रोल रूम पर तीन फोन रखे थे। तीनों पर धूल जम रही थी। यहां पर कई माह से सफाई तक नहीं हुई। फोन को चैक किया तो लैंड लाइन का तार निकला था। उधर, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) प्रथम योगेश चंद पारीक का कहना है कि फोन खराब पड़ा है। इसकी शिकायत बीएसएनएल अधिकारी को दर्ज करवा रखी है। कर्मचारियों के नदारद रहने पर कार्रवाई की जाएगी।