मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हर काम सरकार नहीं कर सकती। इसके लिए स्वयंसेवी संगठन, भामाशाह व दानदाताओं को आगे आना होगा।
भीलवाड़ा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हर काम सरकार नहीं कर सकती। इसके लिए स्वयंसेवी संगठन, भामाशाह व दानदाताओं को आगे आना होगा। गहलोत ने सोमवार को करेड़ा में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेडिकल सेवाओं में प्रदेश सिरमोर हो, उनकी यह भावना है। इसके लिए कोशिश है कि हर जिले में मेडिकल कॉलेज खुले। मुख्यमंत्री मुफ्त दवा योजना में दवाइयों की संख्या 600 से बढ़ाकर 900 की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भामाशाह योजना में भ्रष्टाचार की शिकायतों को दूर करने का प्रयास किया गया है। विधायक रामलाल जाट अपने क्षेत्र में 15 हजार लोगों को हेलमेंट बांटेंगे यह अच्छी बात है। सड़क दुर्घटनाओं से कितनी मौतें होती हैं, इसका अंदाजा नहीं लगा सकते हैं। देशभर में प्रतिवर्ष दो से ढाई लाख तथा प्रदेश में 50 हजार के आसपास मौतें हो जाती हैं। इसमें जागरुकता से ही बचाव हो सकता है।
भाजपा कर रही देश को गुमराह
गहलोत ने कहा, हम कांग्रेस की रीति-नीति पर काम करते हैं। भाजपा वाले देश को गुमराह करते हैं। महाराष्ट्र व हरियाणा में चुनाव से एक दिन पहले एयर स्ट्राइक किया, लेकिन जनता सब समझती है। कार्यक्रम में चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने कहा कि प्रदेश में गुटखे पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाने पर काम कर रहे हैं। अब जो लोग नकली खाद्य सामग्री बेच रहे हैं, उनके खिलाफ बड़ा अभियान चलाएंगे।
मुख्यमंत्री ने जेब ने निकाली टॉफी, बच्चे को थमाई
शिविर स्थल पर मुख्यमंत्री ने रोगियों से बातचीत की। इस दौरान एक नवजात को गहलोत ने जेब से टॉफी निकालकर थमाई। वहां मौजूद लोगों ने कहा, साहब ये टॉफी कैसे खाएगा। इस पर सीएम मुस्कराए और कहा कि कोई बात नहीं इसकी मां खा लेगी। सीएम ने मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. राजन नंदा, सीएमएचओ डॉ. मुश्ताक खान व पीएमओ डॉ. अरुण गौड़ से शिविर के बारे में जानकारी ली।
आइजी ने जताई नाराजगी
करेड़ा में पुलिस की ओर से की गई व्यवस्था को लेकर आईजी संजीव नार्जरी नाराज दिखे। मुख्यमंत्री अवलोकन कर रहे थे तो पुलिसकर्मी बार-बार रस्सी को बीच में ला रहे थे। इस पर आइजी नार्जरी ने कहा, छोटी-छोटी बातों पर इश्यू मत बनाओ। आप लोग पहले संभल जाते तो एेसा नहीं होता। पुलिस अधिकारियों ने वहां कई कांग्रेस पदाधिकारियों को भी रोक लिया, जिसका विरोध हुआ।
ये थे मौजूद
कार्यक्रम में नगर परिषद के पूर्व सभापति आेम नराणीवाल, पूर्व न्यास अध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी, पूर्व जिला प्रमुख सुशीला सालवी, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल डांगी, पूर्व डेयरी चेयरमैन रतन चौधरी, उद्योगपति लादूराम बांगड़, नवनीत सोमानी, दुर्गेश बांगड़, नीरज मानसिंहका, अशोक कोठारी, सत्यप्रकाश डीडवानियां, किसान कांग्रेस के महासचिव लाखाराम गुर्जर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राधेश्याम टांक, करेड़ा सरपंच इंद्रपालसिंह चुंडावत, ईश्वलाल गुर्जर, महावीरसिंह चुंडावत, विनोद तिवारी, रिंकू सोनी, बागोर पूर्व सरपंच कालूराम जाट, दुर्गपाल सिंह उपस्थित थे।