
भीलवाड़ा एमजीएच अस्पताल में स्थापित सीबी नैट जेनी एक्सपर्ट मशीन (पत्रिका फोटो)
Bhilwara MGH Hospital: भीलवाड़ा जिले के महात्मा गांधी चिकित्सालय में चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करते हुए एक अत्याधुनिक सीबी नैट जिन एक्सपर्ट मशीन का संचालन शुरू कर दिया गया है। लगभग 55 लाख रुपए की लागत वाली इस हाईटेक मशीन के शुरू होने से अब मरीजों को गंभीर बीमारियों की जांच के लिए लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें त्वरित रिपोर्ट उपलब्ध होगी। करीब एक महीने से यह मशीन सफलतापूर्वक संचालित हो रही है और अब तक 100 से ज्यादा मरीजों के टेस्ट किए जा चुके हैं।
इस आधुनिक मशीन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें एक साथ 8 लोगों के सैंपल की जांच की जा सकती है, जिससे कार्यक्षमता में काफी बढ़ोतरी हुई है और मरीजों की कतारें कम हो रही हैं। फिलहाल, इस मशीन के जरिए मुख्य रूप से टीबी की सटीक और त्वरित जांच की जा रही है। लेकिन आने वाले दिनों में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसमें कैंसर और हेपेटाइटिस के वायरल लोड की जांच की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे एक ही छत के नीचे कई गंभीर बीमारियों के परीक्षण संभव हो सकेंगे।
बताते चलें कि भीलवाड़ा टीबी अस्पताल में इस प्रकार की जांच के लिए तीन दिन तक की वेटिंग बनी रहती है, जबकि महात्मा गांधी चिकित्सालय में मरीजों को दूसरे दिन ही रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाती है। इतना ही नहीं, मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए राजकीय अवकाश के दिनों और रविवार को भी सुचारू रूप से जांच की जा रही है, जिससे कामकाजी लोगों और दूर-दराज से आने वाले मरीजों को भी बड़ी राहत मिल रही है।
मरीजों की बेहतर सुविधा और सटीक निदान के लिए अत्याधुनिक मशीन स्थापित की गई है। ट्रायल में शत-प्रतिशत सही रिपोर्ट मिलने के बाद अनुभवी लैब तकनीशियनों की देखरेख में जांच शुरू कर दी गई है। सटीक जांच, बेहतर इलाज और मरीजों की सुविधा ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जल्द ही कैंसर और हेपेटाइटिस के वायरल लोड की जांच भी शुरू होगी, जिससे गंभीर बीमारियों का समय पर उपचार संभव हो सकेगा।
-डॉ. अरुण गौड़, अधीक्षक, एमजीएच
Updated on:
1 Nov 2026, 12:47 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 12:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.