
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 (पत्रिका फाइल फोटो)
Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 के बीच जोधपुर जिले के बिलाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र की भावी ग्राम पंचायत में बूथ से बैलेट पेपर चोरी होने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बूथ संख्या 12 से 150 बैलेट पेपर चोरी होने के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। प्रारंभिक जांच में मतदान कार्मिकों की भूमिका पर सवाल उठने के बाद दो मतदान कार्मिकों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि तीन अन्य कार्मिकों को 17 सीसीए के तहत चार्जशीट दी गई है।
प्रशासन का मानना है कि बैलेट पेपर चोरी कर एक महिला प्रत्याशी के चुनाव चिह्न पर मोहर (ठप्पे) लगाने के घटनाक्रम में मतदान कार्मिकों की मिलीभगत और गंभीर लापरवाही रही। इस कार्रवाई के बाद चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदान केंद्र पर तैनात कार्मिकों की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने मामले में देर रात कार्रवाई करते हुए मतदान अधिकारी जगदीश सारण को निलंबित कर दिया। सारण उच्च राजकीय माध्यमिक विद्यालय विनायकपुरा में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। उनके साथ सहायक मतदान अधिकारी तृतीय सहीराम बिश्नोई को भी निलंबित किया गया है। सहीराम बिश्नोई कृषि पर्यवेक्षक सहायक निदेशक कृषि, जोधपुर के पद पर कार्यरत हैं।
प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई को मतदान केंद्र पर हुई अनियमितता के मामले में जिम्मेदारी तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अन्य मतदान कार्मिकों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई है।
बूथ संख्या 12 पर तैनात तीन अन्य मतदान कार्मिकों को भी प्रशासन ने कार्रवाई के दायरे में लिया है। इनमें सहायक मतदान अधिकारी प्रथम मुकेश, जो राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय देसुरिया विश्नोईयान में अध्यापक हैं, सहायक मतदान अधिकारी द्वितीय भीयाराम, जो महात्मा गांधी स्कूल नागौरी गेट में शिक्षक हैं और सहायक मतदान अधिकारी चतुर्थ देवाराम, जो कार्यालय उप वन संरक्षक में कार्यरत हैं, शामिल हैं।
इन तीनों कार्मिकों को राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमों के तहत 17 सीसीए की चार्जशीट दी गई है। इसके जरिए संबंधित कार्मिकों से मामले में उनकी भूमिका और जिम्मेदारी को लेकर जवाब मांगा जाएगा। प्रशासन की कार्रवाई से स्पष्ट है कि बूथ पर हुई घटना को केवल बैलेट पेपर चोरी का मामला मानकर नहीं छोड़ा जा रहा, बल्कि मतदान व्यवस्था में तैनात कार्मिकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में बिलाड़ा पुलिस थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। दर्ज एफआईआर में मतदान अधिकारी जगदीश सारण और सहायक मतदान अधिकारी सहीराम बिश्नोई सहित तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब मामले में बैलेट पेपर चोरी होने और उन पर एक महिला प्रत्याशी के चुनाव चिह्न पर मोहर लगाए जाने के घटनाक्रम की जांच कर रही है।
मामले में प्रशासनिक कार्रवाई और पुलिस जांच दोनों अलग-अलग स्तर पर जारी हैं। एक तरफ संबंधित मतदान कार्मिकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है, वहीं दूसरी तरफ एफआईआर के आधार पर पुलिस आपराधिक जिम्मेदारी की जांच कर रही है। बूथ से 150 बैलेट पेपर चोरी होने की घटना ने पंचायत चुनाव की मतदान व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
Updated on:
1 Nov 2026, 7:27 AM IST
Published on:
1 Nov 2026, 7:27 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.