भीलवाड़ा

घर-घर पूजी दियाड़ी, आज महानवमी, कल होगा रावण दहन

जिलेभर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, शक्ति पीठों पर आस्था का मेला

less than 1 minute read
Oct 01, 2025
Diyadi was worshipped in every house, today is Mahanavami, tomorrow Ravana will be burnt.

शारदीय नवरात्र का आठवां दिन मंगलवार को जिलेभर में दुर्गा अष्टमी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों और घर-घर में धार्मिक अनुष्ठान हुए। शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का दिन भर ताता लगा रहा।

अष्टमी पर कन्या पूजन का आयोजन हुआ। छोटी कन्याओं के चरण धोकर उन्हें देवी स्वरूप मानकर पूजन व भोजन कराया गया। भक्तों ने कन्याओं को उपहार दिए और उनसे आशीर्वाद लेकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घर-घर में दियाड़ी माता का पूजन किया गया। घूघरी-कसार, चावल और लापसी बनाकर माता को भोग लगाया गया।

शक्तिपीठों पर उमड़े भक्त

जोगणिया माता, झांतला माता, चामुंडा माता, धनोप माता, घाटारानी, बंक्यारानी, भरक माता और बीजासन माता के मंदिरों में जयकारों के साथ भक्त पहुंचे। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में भी सुबह से रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। रोडवेज बस स्टैंड स्थित दुर्गा माता शक्ति धाम, बाबा धाम, पुलिस लाइन स्थित संतोषी माता मंदिर, हरणी महादेव स्थित चामुंडा माता मंदिर इन सभी स्थानों पर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

आज महानवमी, कल दशहरा

बुधवार को महानवमी पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान होंगे और कन्याओं का पूजन किया जाएगा। गुरुवार को दशहरा व विजयादशमी पर्व मनाया जाएगा। शहर में रावण दहन के तीन प्रमुख आयोजन होंगे। इनमें प्रमुख रूप से तेजाजी चौक में बड़ा आयोजन होगा। इसके अलावा लेबर कॉलोनी व सांगानेर में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा।

Published on:
01 Oct 2025 08:43 am
Also Read
View All