
आसींद. भीलवाड़ा जिले की रघुनाथपुरा पंचायत के गांव लापी का बढिय़ा में श्मशान में अतिक्रमण हटाने गए वार्ड पंच व ग्रामीणों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए पथराव में दो वार्ड पंच सहित तीन जने घायल हो गए।
रघुनाथपुरा सरपंच प्रज्ञा बुनकर ने बताया कि गांव की शमशान भूमि पर काफी से कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। इसके बारे में शिकायत पर अतिक्रमण हटाने के लिए गए ग्रामीणों पर जग्गू गुर्जर व उसके परिवार वालों ने हमला बोल दिया। अचानक हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पथराव में वार्ड पंच जगन्नाथ गुर्जर, प्रभु गुर्जर व भैरू गुर्जर घायल हो गए। इससे मौके पर माहौल गरमा गया। घायलों का उपचार करवाया गया।
ग्रामीणों ने आसींद थाने में मुकदमा दर्ज कराया तथा उपखंड अधिकारी को इस घटना से अवगत कराया। ग्रामीणों ने दो दिन में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।