
वरघोड़ा में छलकी श्रद्धा, तपस्वियों पर हेलिकॉप्टर से बरसाए फूल
भीलवाड़ा ।
मूर्तिपूजक संघ के तत्वावधान में शहर में रविवार को तपस्वियों का भव्य वरघोड़ा निकाला गया। इसका जगह-जगह स्वागत किया गया। हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। बड़ी संख्या में श्रावक मौजूद रहे। जैनाचार्य पद्मभूषण रत्न सूरीश्वर के सान्निध्य में सुबह सोनी धर्मशाला से बैण्ड के साथ वरघोड़ा निकाला गया। घोड़े पर धर्मध्वजा लिए श्रावक चल रहे थे। बैंडवादक व बालबैंड की धुन पर साधु-साध्वी व 31, 11 व 8 उपवास के तपस्वी बग्गियों में सवार थे। वरघोड़े के दौरान पूरे मार्ग में जहाजपुर के बम्ब परिवार की ओर से हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। मेरे मन में पारसनाथ, ऊंचा अम्बर थी आओ न प्रभु जी, पारस प्यारा लागे, चवलेश्वर प्यारा लागे आदि भजनों की धुन पर श्रावक नाचते हुए चल रहे थे।
चार स्थानों पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा
हेलिकॉप्टर से वरघोड़ा पर रेलवे स्टेशन, गोल प्याऊ चौराहा, सूचना केन्द्र चौराहा व चिंतामणि पाश्र्वनाथ मंदिर पर पुष्प वर्षा की गई। वरघोड़ा फिर मुख्य मार्गो से होते सोनी धर्मशाला पहुंचा, जहां सकल संघ का साधार्मिक वात्सल्य हुआ। जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ नेे लाभार्थी परिवार का बहुमान किया। ज्ञानमल सुराणा, मुकनराज बोहरा, भूषण सालगिया, भागचन्द बम्ब, विनोद बम्ब, सुनील मुणोत, राजेश ककरेचा, सुरेश बालर, श्रेणिक जैन एवं विजयनगर, शाहपुरा, बेगंू, केकड़ी, जहाजपुर, पारोली, बच्छखेड़ा, अजमेर, नीमच आदि जगहों से श्रावक आए थे।
आज भी निकलेगा वरघोड़ा
अनिल गुगलिया ने बताया कि सोमवार सुबह दस बजे आचार्य पद्मभूषण रत्न सूरीश्वर की निश्रा में सोनी धर्मशाला में पाश्र्वनाथ महापूजन होगा। पूजन त्रिलोकचन्द व सुनील बम्ब की ओर से कराया जाएगा। इससे पहले सुबह आठ बजे शास्त्रीनगर आवास से भी वरघोड़ा निकाला जाएगा।
चर्चा का विषय रहा हेलिकॉप्टर
हेलिकॉप्टर भी शहर में चर्चा का विषय रहा। उसने मुख्य मार्गों के अलावा पूरे शहर के कई चक्कर लगाए। कुछ ने इसे किसी वीआईपी के आगमन से जोड़कर देखा तो कुछ ने कम ऊंचाई पर उड़ रहे चॉपर को लेकर अलग ही अटकल लगाई।