बड़ा खुलासा: एक दर्जन से अधिक मुखौटा कंपनियां बनाकर कर रहे थे खेल, लाखों का टीडीएस डकारा
शहर के न्यू हाउसिंग बोर्ड शास्त्रीनगर स्थित ब्लू एप्पल कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों पर सोमवार को आयकर विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। उदयपुर के अपर आयकर आयुक्त के निर्देश पर भीलवाड़ा आयकर विभाग की टीम ने सोमवार तड़के इस फर्म पर सर्वे शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा। विभाग को लंबे समय से इस फर्म की ओर से टीडीएस जमा करने में बड़ी अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं।
जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि ब्लू एप्पल कंस्ट्रक्शन सीधे तौर पर सरकारी काम न लेकर अन्य फर्मों के माध्यम से काम करती थी। विभाग के अनुसार, इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य सरकारी रिकॉर्ड और टीडीएस की जवाबदेही से बचना था। यही कारण है कि बड़े स्तर पर निर्माण कार्यों से जुड़े होने के बावजूद सरकारी विभागों के रिकॉर्ड में इस कंपनी का नाम सीधे तौर पर दर्ज नहीं है।
आयकर सूत्रों के अनुसार इस फर्म के दो निदेशक हैं जिन्होंने कथित तौर पर एक दर्जन से अधिक फर्जी या 'शेल' कंपनियां बना रखी हैं। इन कंपनियों के बीच लाखों रुपयों का लेन-देन तो दिखाया गया, लेकिन उस पर कटने वाला टीडीएस सरकारी खजाने में जमा नहीं करवाया गया। आयकर विभाग के अनुसार लंबे समय से टीडीएस चोरी की सूचना मिल रही थी। उदयपुर मुख्यालय के निर्देश पर शास्त्रीनगर स्थित कार्यालय पर सर्वे की कार्रवाई की गई है। दस्तावेजों की जांच जारी है, जिसके बाद टैक्स चोरी का वास्तविक आंकड़ा सामने आएगा। टीम ने कंपनी के कंप्यूटर हार्ड डिस्क और बैंक खातों के विवरण कब्जे में लिए हैं। विभिन्न मुखौटा कंपनियों के बीच हुए ट्रांजेक्शन का मिलान किया जा रहा है। माना जा रहा है कि टीडीएस की इस गड़बड़ी के पीछे बड़ी अघोषित आय छिपी हो सकती है।