भीलवाड़ा

मजदूर हूं, मजबूर नहीं, यह कहने में शर्म नहीं

शहर के श्रमिकों ने मंगलवार को श्रम दिवस मनाया।

2 min read
bhilwara, bhilwara news, labour day in bhiwara,  Latest news in bhilwara, Bhilwara News in hindi, Hindi News in bhilwara, Latest hindi news in bhilwara
शहर के श्रमिकों ने मंगलवार को श्रम दिवस मनाया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिक शामिल हुए। विभिन्न श्रमिक आंदोलनों में शहीद हुए श्रमिकों को श्रद्धांजलि दी गई

भीलवाड़ा।

शहर के श्रमिकों ने मंगलवार को श्रम दिवस मनाया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिक शामिल हुए। विभिन्न श्रमिक आंदोलनों में शहीद हुए श्रमिकों को श्रद्धांजलि दी गई। जगह-जगह रैलियां, जुलूस और सभाएं हुई। इनमें उद्योग व सेवा क्षेत्र में काम करने वाले तथा खदानों, इस्पात कारखानों, रेलवे, बैंक, बीमा सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में काम करने वाले मजदूरों ने हिस्सा लिया।

सोशल मीडिया पर मजदूर दिवस से जुड़े संदेशों का दौर चलता रहा। शुभकामनाएं देने के लिए मैं मजदूर हूं मजबूर नहीं, यह कहने में मुझे शर्म नहीं, अपने पसीने की खाता हूं, मैं मिट्टी को सोना बनाता हूं, वाला संदेश काफी चर्चित रहा। अखिल भारतीय संयुक्त श्रमिक संघर्ष समिति के बैनर तले केंद्रीय श्रमिक संगठनों इंटक, सीटू, रोडवेज यूनियन व कमठाणा श्रमिक संगठन आदि ने लाल झंडे में अपनी-अपनी यूनियन के बैनर लेकर आजाद चौक से सूचना केंद्र, सुभाष मार्केट, रेलवे स्टेशन व सेशन कोर्ट होते हुए मई दिवस जिंदाबाद व मजदूर एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए रैली निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचे।


रैली का स्टेशन चौराहे पर समाजसेवी जगदीश मानसिंहका ने फूल बरसाकर सभी श्रमिकों का स्वागत किया। महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि मई दिवस पर सवेतनिक अनिवार्य अवकाश घोषित करने व श्रमिकों को 18 हजार मासिक न्यूनतम मजदूरी तय करने सहित कई मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलक्टर को ज्ञापन दिया गया। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) ने गांधी मजदूर सेवालय में गोष्ठी रखी, जिसमें जिलाध्यक्ष रामेश्वर सोनी, सलाहकार प्यारेलाल खोईवाल, कार्यकारी अध्यक्ष दीपक व्यास व वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलसिंह आदि ने विचार व्यक्त किए।

सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन सीटू जिला कमेटी ने सांगानेरी गेट से वाहन रैली निकाली। सद्भावना सेवा ट्रस्ट एवं स्माइल फाउंडेशन ने शांति भवन में मजदूर दिवस पर 90 जरूरतमंद परिवारों को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल डांगी की अध्यक्षता में खाद्य सामग्री वितरित की गई। लॉयनेस क्लब पद्मिनी द्वारा अध्यक्ष कनकावती चंडालिया व स्नेहलता धारीवाल के सानिध्य में मजदूर दिवस मनाया गया। मधु जाजू की अध्यक्षता में क्लब ने सब्जी विक्रेताओं को सम्मानित किया गया। कृषि मंडी पल्लेदार यूनियन के जिलाध्यक्ष शंकरलाल नायक ने बताया कि पल्लेदारों ने काम बंद रखकर मजदूर दिवस मनाया। कार्यक्रम में जिला प्रमुख शक्तिसिंह हाड़ा, विधायक वि_लशंकर अवस्थी, इरफान शेख, करणसिंह, चंदू चंदवानी, अंकित बांगड़ व टीकम नायक सहित कई लोगों ने शिरकत की।


डूडल बना दी शुभकामना

मजदूर दिवस के मौके पर गूगल ने भी विशेष डूडल बनाकर यूजर्स को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दी है।


मजदूर संघ ने जुटाया 2011 यूनिट खून

भीलवाड़ा. मजदूर महासंघ ने मजदूर दिवस पर मंगलम यार्न गोदाम रिको थर्ड फेज में छठा रक्तदान शिविर लगाया। इसमें रामस्नेही चिकित्सालय, महात्मा गांधी हॉस्पिटल, अरिहन्त हॉस्पिटल, संतोक बा दुर्लभजी हॉस्पिटल जयपुर के सहयोग से 2011 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। महासंघ अध्यक्ष पन्नालाल चौधरी ने बताया कि हिमांशु परिहार को माता-पिता की दुर्घटना में मौत पर एक लाख रुपए की मदद दी गई।

इससे पहले सुबह 9 बजे महंत बाबूगिरी महाराज ने शिविर का उद्घाटन किया। सांसद सुभाष बहेडिय़ा, जिला प्रमुख शक्तिसिंह हाड़ा, विधायक वि_लशंकर अवस्थी, यूआईटी अध्यक्ष गोपाल खण्डेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दामोदर अग्रवाल, ओम नाराणीवाल, अनिल बल्दवा, श्रीराम मण्डल सेवा संस्थान अध्यक्ष शांतिप्रकाश मोहता ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। उपाध्यक्ष नन्दलाल व सचिव बंशीलाल माली के अलावा महेश हुरकट, पवन बेसवाल, नन्दू झंवर, रमेश अग्रवाल, राजीव शर्मा, रामरतन जागेटिया व अशोक आदि का सहयोग रहा।

Published on:
02 May 2018 02:40 pm