दिन में दो बार हरा चारा डालने के आदेश, लेकिन पूरा नहीं आ रहा
Kine House In Bhilwara: भीलवाड़ा . नगर परिषद संचालित काइन हाउस में 300 से अधिक गाये हैं लेकिन पर्याप्त हरे चारे के बिन गुजारा कर रही है। हालांकि दिन में दो बार हरा चारा खिलाने का प्रावधान है लेकिन कुछ दिन से पूरा चारा गोवंश को नहीं मिल रहा। रविवार को दोपहर सवा बारह बजे बाद गायों को चारा मिला, जो गोभक्तों ने मुहैया कराया।
काइन हाउस के चौकीदार का कहना है कि हरे चारे की जगह गोवंश को सूखा चारा डाल रहे हैं। पशुओं की नाद में सूखा भूसा डाला जा रहा है। कर्मचारी श्यामलाल ने बताया कि सुबह-शाम हरा चारा खिलाया जाता है लेकिन शनिवार को गाड़ी खराब होने से चारा नहीं मिल पाया था। इसकी जानकारी गोभक्तों को मिली तो रविवार को एक गाड़ी हरा चारा ले आए। वहीं लोगों का कहना है कि काइन हाउस में जानवरों को हरा चारा नहीं मिल रहा है। वे पानी पीकर काम चला रहे हैं।
एक किसान के अनुसार एक गाय को दिन भर में 17 से 20 किलो हरे व सूखा चारा चाहिए। लेकिन काइन हाउस में उतना चारा नहीं मिल रहा है। कुछ लोगों ने सभापति राकेश पाठक से शिकायत भी की। उसके बाद कुछ सुधार हुआ लेकिन फिर वही स्थिति बनी है। काइन हाउस में लगभग ३०० छोटे-बड़े गोवंश है। इस आधार पर 5100 से 6000 किलो चारा प्रतिदिन चाहिए। दो बार में 3000 से 4000 हजार किलो से ज्यादा चारा नहीं पहुंच रहा है।
पर्याप्त आ रहा चारा
काइन हाउस में प्रतिदिन 50 क्विटंल हरा चारा पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा सूखा चारा भी गोदाम में रखा है, जो समय-समय पर गोवंश को दिया जा रहा है। फिर भी कोई कमी है तो जानकारी लेकर पर्याप्त चारा पहुंचाने का प्रयास करेंगे। गोवंश को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा।
राकेश पाठक, सभापति नगर परिषद भीलवाड़ा