accident-डिवाइडर से टकराया वाहन, प्रशासन में हड़कंप road accident
भीलवाड़ा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के उदयपुर से भीलवाड़ा आते समय शुक्रवार रात गंगापुर के निकट एस्कोर्ट टीम में शामिल एक जीप डिवाइडर से टकराकर पलट गई। जीप में सवार सभी छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें तुरन्त अन्य वाहनों से यहां महात्मा गांधी चिकित्सालय लाया गया। इनका यहां उपचार किया गया। इसी बीच बिरला की एस्कोर्ट जीप के पलटने की खबर से पुलिस व प्रशासन में हडकम्प मच गया।
भीमगंज थानाप्रभारी सतीश चन्द्र भी मौके पर पहुंचे। चिकित्सालय प्रशासन के अनुसार घायलों में उप निरीक्षक सुरेश जाट तथा कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, सूर्यवीर सिंह, सुरजीत, विष्णु व सुरेन्द्र सिंह शामिल है। सबका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस के अनुसार भीलवाड़ा की एस्कोर्ट टीम राजसमंद सीमा से सटे टपरिया खेड़ी से बिरला के वाहनों के काफिले में शामिल हुई थी। भीलवाड़ा आते वक्त गंगापुर मार्ग पर गणेशपुरा के निकट ये जीप डिवाइडर से टकरा कर पलट गई थी। घायलों का अस्पताल में उपचार करवाया गया।