
मांडल।
थाना पुलिस ने दो जनों के खिलाफ विवाहिता को बंधक बना दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस उप अधीक्षक को सौंपी गई है।
थाना प्रभारी दिनेश कुमावत ने बताया कि क्षेत्र की पीडि़ता ने आरोप लगाया कि 13 मई की शाम वह अपने ससुराल से खरीदारी करने आई। महिला खरीदारी करने के बाद ससुराल जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ी थी। इस दौरान उसके परिचित आसींद थाना क्षेत्र के उदलपुरा निवासी लादूलाल कुमावत व उसका बहनोई मांडल थाना क्षेत्र के सिरडियास निवासी भंवर लाल उसको कार में बैठाकर ले गए। जहां आरोपितों ने 5-6 दिन तक सिरडियास गांव में भंवर के घर पर बंधक बनाकर दोनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। बाद में भीलवाड़ा ले जाकर फोटो भी खींचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अवैध बजरी दोहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े
बागौर पुलिस ने मंगलवार देर शाम गश्त के दौरान अवैध बजरी दोहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस की गाड़ी देख चालक ट्रैक्टरों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। बजरी से भरे दोनों ट्रैक्टरों को पुलिस ने बागोर थाने लाकर खड़ा करवाया। वहीं पुलिस ने खनिज विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी है।
रामद्वारा में चोरी के आरोप में दो गिरफ्तार
भीलवाड़ा भीमगंज थाना पुलिस ने रामद्वारा में दानपात्र तोड़कर नकदी चुराने के आरोप में दो जनों को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी दिनेश जीवनानी के अनुसार गत २२ जुलाई को रामद्वारा मंदिर में घुसकर चोर दानपात्र तोड़कर उसमें से नकदी चुरा ले गए। मामले में तिलकनगर निवासी जुगलकिशोर कोली व माताजी का खेड़ा बनेड़ा निवासी तुलसीराम माली को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी नशे की आदी है। आरोपियों से नकदी बरामद की गई है।