निजी अस्पतालों में शुल्क पर निर्णय आज
भीलवाड़ा।
कोरोना टीकाकरण 27 व 28 फरवरी को नहीं होगा। दो दिन कोविन डिजिटल प्लेटफॉर्म को 1.0 से 2.0 में परिवर्तित किया जाएगा। एक मार्च से गंभीर बीमारी से ग्रस्त 45 से ऊपर और 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों का टीकाकरण किया जाएगा। कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। एप में बदलाव किया जा रहा है। टीकाकरण अभियान में निजी क्षेत्र भी शामिल होंगे।
आरसीएचओ डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि एक मार्च से अभियान २.० शुरू होगा। इसमें बदलाव का खुलासा शनिवार को वीसी में होगा। टीकाकरण सरकारी और निजी क्षेत्र के केंद्रों पर होगा। सरकारी सेंटर पर मुफ्त टीका लगेगा और निजी सेंटर पर टीकाकरण के लिए पैसे देने होंगे। इस राशि में से सौ रुपए प्रति टीका निजी क्षेत्र को टीका लगाने के रुप में दिया जाएगा। निजी क्षेत्र को टीका सरकारी स्तर से उपलब्ध कराया जाएगा। टीके का कितना शुल्क लगेगा, यह भी शनिवार को तय होगा। वैक्सीन लगवाने के लिए बुजुर्गों को सबसे पहले कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। 60 साल से अधिक उम्र वाले लोगों के आंकड़े मतदाता सूची से लिए गए हैं।
२० तरह की बीमारी वाले को टीका
वैक्सीनेशन का दूसरा चरण में 60 साल से अधिक उम्र वाले और किसी न किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। गंभीर बीमारी में डायबिटीज, दिल की बीमारी और कैंसर आदि अपनी बीमारी प्रमाणित करने के लिए एक फार्म भरना होगा। इसमें बीमारी की जानकारी देनी होगी। इसके दस्तावेज किसी सरकारी या प्राइवेट डॉक्टर से साइन व स्टैंप लगवानी होगी। तब गंभीर बीमारियों वाली सूची में माना जाएगा।
रजिस्ट्रेशन की जरूरत
टीका लगवाने के लिए पहले को-विन एप पर रजिस्टर करना होगा। इसमें जीपीएस सुविधा होगी। इससे लोग सुविधानुसार तारीख व स्थान चुन सकते हैं। एप में पहले से मौजूद मतदाता सूची और आधार संबंधी डेटा के आधार पर पहचान होगी। ४५ साल से अधिक आयु समूह में पाए जाते हैं, तो आगे की प्रक्रिया होगी। सरकारी रिकॉर्ड से डेटा मेल नहीं खाता तो आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी। ऐसे में किसी सेंटर पर जाकर ख़ुद को एप में रजिस्टर कराना होगा। इसके लिए पहचान पत्र साथ लेकर जाना होगा।
----
4372 ने लगवाया टीका
जिले में शुक्रवार को 50 केंद्रों पर4372 जनों ने कोरोना टीके की दूसरी डोज लगवाई। टीकाकरण के लिए 4951 जनों का पंजीयन था।
-----
पांच संक्रमित निकले
जिले में शुक्रवार को 5 कोरोना संक्रमित मिले है। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. घनश्याम चावला ने बताया कि357 जनों के सेम्पलों की जांच की गई थी। अब तक 12370 संक्रमित हो चुके हैं।