
भीलवाड़ा।
राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन चाहती है कि पेट्रोल-डीजल के दामों में बदलाव की जानकारी रात आठ बजे तक जारी की जानी चाहिए ताकि विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए उपभोक्ताओं को अगले दिन हर हाल में इनकी कीमत की जानकारी मिल सके। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सुमित बगई ने शनिवार को मीडिया से चर्चा में यह बात कही। बगई भीलवाड़ा पेट्रोलियम डीलर्स सोसायटी की साधारण सभा में भाग लेने आए थे।
बगई ने कहा कि पेट्रोलियम मंत्रालय पेट्रोल-डीजल की कीमत आधी रात को बढ़ाकर जनता को गुमराह कर रहा है। मध्य रात दाम बढ़ाने से ग्राहक को यह पता नहीं चल पा रहा कि कितनी कीमत बढ़ी है। मंत्रालय पहले रात आठ बजे अगले दिन के दाम की घोषणा कर देता था। इससे उपभोक्ता को आसानी से पता चल जाता था।
मोबाइल पंप भी लगेंगे
बगई ने कहा कि सरकार ने देश में नए पेट्रोल पंप लगाने के लिए घोषणा की। इनमें कुछ मोबाइल पंप भी होंगे, जो खतरनाक साबित हो सकते हैं। बगई ने आरोप लगाया कि सरकार कानून ताक में रखकर शहरी क्षेत्रों में नए पंपों को मान्यता दे रही है। इनकी कीमत भी चार गुना बढ़ा दी गई है। इसे घटाकर २५ लाख रुपए किए जाने चाहिए।
चोरी रोकने को चलाएंगे अभियान
बगई ने बताया कि राजस्थान के कुछ जिलों में ढाबों व होटलों पर पेट्रोल व डीजल चोरी हो रहाा है। इसे रोकने के लिए भीलवाड़ा समेत प्रदेश में विशेष अभियान चलाएंगे। अलवर में इस अभियान को सफलता भी मिली है।
शंका हो तो इलेक्ट्रोनिक बिल ले
एक सवाल पर बगई ने कहा, किसी को पंप पर कम पेट्रोल-डीजल मिलने की शंका हो तो पंप की मशीन से इलेक्ट्रोनिक्स बिल ले लें। इससे सच सामने आ जाएगा। संचालक जितने रुपए पंप पर डालेगा, उतने की रसीद ही मिलेगी। यदि ५०० के बजाय ४५० रुपए का पेट्रोल भरा तो रसीद भी ४५० रुपए की ही आएगी। यहां पम्प संचालक पकड़ा जा सकता है।
हर पम्प पर लगेगा सीसीटीवी कैमरा
भीलवाड़ा सोसायटी के अध्यक्ष जाकिर हुसैन ने बताया कि आमसभा में १२० में से १०२ सदस्य आए। भीलवाड़ा मोबाइल एेप लॉन्च किया। इसके माध्यम पर सभी पंप मालिक एक दूसरे से जानकारी शेयर करने के साथ उपभोक्ता की भी जानकारी दे सकेगा। शहर व जिले के सभी पंप पर सीसी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए टीम भी बनाई है।