
चित्तौडग़ढ़. शहर के गांधीनगर क्षेत्र से सटी दुर्ग की तलहटी में स्थित स्मृति वन (निर्मल वन) के दिन अब फिरने वाले हैं। लंबे समय से बदहाली और अनदेखी का शिकार हो रहे इस वन क्षेत्र को अब अत्याधुनिक (बायोडायवर्सिटी पार्क) जैव विविधता पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए डीएमएफटी मद से 3.40 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है और वित्तीय स्वीकृति भी जारी हो गई है। आचार संहिता हटने के बाद टेण्डर प्रक्रिया आदि शुरू होने की उम्मीद है।
नगर विकास न्यास की ओर से विकसित किए गए इस स्मृति वन में वर्ष 2018 में वॉकिंग ट्रैक का शिलान्यास किया गया था। शुरुआत में यहां सुबह-शाम शहरवासियों की अच्छी रौनक रहती थी, लेकिन नियमित रख-रखाव के अभाव में यह उजाड़ होता चला गया। वर्तमान में यहां लगाए गए झूले-चकरी तो सुरक्षित हैं, लेकिन पूरे परिसर में कंटीली झाडिय़ों का साम्राज्य फैल गया है। लोगों के बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और पानी की व्यवस्था के लिए लगा बोरिंग भी खराब पड़ा है। अव्यवस्थाओं के चलते आमजन ने यहां आना लगभग बंद कर दिया था।
पार्क की दशा सुधारने और इसे पर्यावरण संरक्षण से जोडऩे के लिए वन विभाग ने डीएमएफटी फंड से जैव विविधता पार्क बनाने का प्रस्ताव तैयार कर भेजा था। इस पर 3.40 करोड़ रुपए की मुहर लगने के बाद अब इसके पुनरुद्धार का रास्ता साफ हो गया है।
वन विभाग की कार्ययोजना के तहत सबसे पहले पूरे परिसर से कंटीली झाडिय़ों की सफाई कराई जाएगी। टूटी हुई कुर्सियों, ट्रैक आदि की मरम्मत कर आमजन के लिए मूलभूत सुविधाएं बहाल की जाएंगी। इसके बाद यहां पर्यावरण और जैव विविधता को बढ़ावा देने वाले विशेष पौधे लगाए जाएंगे। इनमें कडाया, अमलतास, अर्जुन, बीजासल, हथजोड़ और शतावरी जैसी दुर्लभ व औषधीय प्रजातियों को प्रमुखता दी जाएगी।
पर्यावरण जानकारों के मुताबिक जैव विविधता पार्क एक ऐसा संरक्षित पारिस्थितिकी तंत्र होता है, जहां स्थानीय व विलुप्तप्राय वनस्पतियों और जीव-जंतुओं को प्राकृतिक माहौल में सहेजा जाता है। यह पार्क न केवल शहर की आबोहवा को शुद्ध रखने और भूजल स्तर बढ़ाने में मददगार साबित होगा, बल्कि विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक जीवित प्रयोगशाला की तरह भी काम करेगा।
स्मृति वन में जैव विविधता पार्क बनाया जाएगा। इसके साथ ही मरम्मत आदि के कार्य भी करवाए जाएंगे। डीएमएफटी फंड से राशि स्वीकृत हुई है। आचार संहिता हटने के बाद टेण्डर आदि प्रक्रिया आदि शुरू की जाएगी। - सुनील कुमार सिंह, डीएफओ (वन्यजीव) वन विभाग चित्तौडग़ढ़