अन्य विभागों के कर्मचारी करेंगे बीएलओ की सहायता
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्य के दौरान अब शिक्षकों को बीएलओ की सहायता में नहीं लगाया जाएगा। विद्यालयों में जारी अर्द्धवार्षिक परीक्षा और शिक्षण पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए निर्वाचन विभाग ने यह महत्वपूर्ण निर्णय किया है। इसके स्थान पर अन्य विभागों के कर्मचारियों से यह काम लिया जाएगा।
नया आदेश जारी, कलक्टर को स्पष्ट निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान रौनक बैरागी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (कलक्टर) को आदेश जारी किए हैं। निर्देशों में स्पष्ट किया है कि वर्तमान में प्रदेश के स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में शिक्षकों को बीएलओ की सहायता में लगाने से स्कूलों का शिक्षण कार्य बाधित हो रहा था। इसी कारण जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा गया है कि सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति अन्य विभागों से की जाए और शिक्षकों को यथासंभव इससे मुक्त रखा जाए।
वोटर लिस्ट सुधार कार्य पर नहीं पड़ेगा असर
सुवाणा के सीबीईओ रामेश्वर जीनगर का मानना है कि इससे एक ओर जहां स्कूलों में पढ़ाई और परीक्षा व्यवस्था सुचारू रहेगी, वहीं दूसरी ओर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य भी निर्धारित समय में जारी रहेगा। विभिन्न विभागों के उपलब्ध कार्मिकों की सहायता से बीएलओ अपने कार्य को सुचारु रूप से पूरा कर सकेंगे।