
एआई तस्वीर
भीलवाड़ा। शहर के दादाबाड़ी कोली मोहल्ला इलाके में एक युवक का चार दिन पुराना शव उसके कमरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कमरे से तेज सड़ांध आने पर पड़ोसियों को घटना का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार दादाबाड़ी कोली मोहल्ले में एक मकान के बाहर बने कमरे से पड़ोसियों को तेज बदबू आने लगी। काफी देर तक बदबू आने पर लोगों को संदेह हुआ और कमरे का दरवाजा खोलकर देखा गया तो अंदर एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पहचान पृथ्वीराज कोली (40) के रूप में की। बताया जा रहा है कि शव करीब चार दिन पुराना था। खास बात यह रही कि जिस मकान में यह कमरा बना हुआ था, उसी घर के दूसरे हिस्से में उसकी पत्नी और दो बच्चे रह रहे थे। इसके बावजूद उन्हें युवक की मौत की जानकारी नहीं हो सकी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पृथ्वीराज नशे का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर आता था। इसी कारण उसका पत्नी से आए दिन विवाद भी होता रहता था।
बताया जा रहा है कि इसी वजह से वह घर के बाहर बने कमरे में अलग रहता था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे घर के अंदर वाले हिस्से में रहते थे। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
Updated on:
15 Mar 2026 05:14 pm
Published on:
15 Mar 2026 05:14 pm
