1 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

5वीं और 8वीं बोर्ड सप्लीमेंट्री परीक्षा: 4 मई से भरे जाएंगे फॉर्म, आवेदन पूरी तरह निशुल्क

डाइट प्राचार्य 21 मई तक समेकित सूची तैयार कर पीडीएफ और एक्सेल प्रारूप में पंजीयक कार्यालय को प्रेषित करेंगे

2 min read
Google source verification
5th and 8th Board Supplementary Exam: Forms will be filled from May 4, application is completely free

5वीं और 8वीं बोर्ड सप्लीमेंट्री परीक्षा: 4 मई से भरे जाएंगे फॉर्म, आवेदन पूरी तरह निशुल्क

प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण पत्र कक्षा-8 और कक्षा-5 की मुख्य परीक्षा में सप्लीमेंट्री (पूरक) आए विद्यार्थियों के लिए अहम खबर है। पंजीयक शिक्षा विभाग ने पूरक परीक्षा के लिए टाइम-टेबल जारी कर दिया है। विद्यार्थी 4 से 14 मई तक अपने विद्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कक्षा-5 और कक्षा-8 की इस पूरक परीक्षा के लिए आवेदन पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है।

मुख्य तिथियां एवं प्रक्रिया

  • विद्यालय स्तर पर आवेदन: 4 से 14 मई तक विद्यालय की ओर से परीक्षार्थी से पूरक परीक्षा के आवेदन पत्र भरवाए जाएंगे। सीबीईओ कार्यालय में जमा: विद्यालय 15 से 16 मई तक फॉर्म सीबीईओ कार्यालय में जमा कराएंगे।
  • डाइट में जमा:सीबीईओ की ओर से 18 मई तक सभी फॉर्म अनिवार्य रूप से डाइट में जमा किए जाएंगे।

संस्था प्रधान की होगी जिम्मेदारी

विभाग ने निर्देश दिए हैं कि 24 मार्च को घोषित मुख्य परीक्षा परिणाम में पूरक (सप्लीमेंट्री) के योग्य घोषित शत-प्रतिशत विद्यार्थियों के आवेदन भरवाने का संपूर्ण दायित्व संस्था प्रधान का होगा। जिस स्कूल में विद्यार्थी ने सत्र 2025-26 में अध्ययन किया है, वहीं से फॉर्म भरे जाएंगे। डाइट प्राचार्य 21 मई तक समेकित सूची तैयार कर पीडीएफ और एक्सेल प्रारूप में पंजीयक कार्यालय को प्रेषित करेंगे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आवेदन पत्र में विद्यार्थियों को आवंटित रोल नंबर मुख्य परीक्षा वाले ही यथावत रहेंगे।

उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि अब 31 मई

प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि को एक माह के लिए बढ़ा दिया है। जो विद्यार्थी अब तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे, वे अब 31 मई तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन जमा कर सकेंगे। विभाग के अतिरिक्त निदेशक (छात्रवृत्ति) के 30 अप्रेल को जारी आदेशों के अनुसार पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रेल निर्धारित की गई थी। इसे छात्रहित में बढ़ाते हुए 31 मई कर दिया है। फैसले से केवल विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि प्रदेश के राजकीय (नवीन) और निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों को भी बड़ा समय मिला है। योजना के तहत राजकीय एवं निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थी पेपरलेस मोड में ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।