भीलवाड़ा

एसीबी का पीडब्ल्यूडी ऑफिस पर छापा, एक्सईन के कमरे से तीन लाख से अधिक की नकदी जब्त

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार रात कलक्ट्रेट स्थित अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग खंड कार्यालय में छापा मारा।
less than 1 minute read
Seize cash three million xen room in bhilwara
Seize cash three million xen room in bhilwara

भीलवाड़ा।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार रात कलक्ट्रेट स्थित अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग खंड कार्यालय में छापा मारा। यहां अधिशाषी अभियंता भंवरलाल जयपाल के कार्यालय की तलाशी के दौरान तीन लाख रुपए की नकदी बरामद हुई। जयपाल की जेब से भी नौ हजार 60 रुपए बरामद हुए। एसीबी टीम बरामद नकदी के बारे में जयपाल से पूछताछ कर रही है। अधीक्षण अभियंता आरएस झंवर के विदेश यात्रा पर होने से जयपाल अधीक्षण अभियंता का कार्य भी संभाले हुए हैं।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीबी) सौभाग्य सिंह ने बताया कि सोमवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली कि विभाग की ओर से करवाए गए निर्माण कार्यों के बिल पास करने की एवज में अधिशासी अभियंता जयपाल ठेकेदारों से चौथ वसूली कर रहा है। कार्यालय में उसके पास बड़ी नकदी हो सकती है। शिकायत के सत्यापन के बाद कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने देर शाम कलक्ट्रेट परिसर में प्रथम मंजिल पर अधिशासी अभियंता कार्यालय (भीलवाड़ा खंड) पर छापा मारा। तलाशी के दौरान जयपाल के कमरे में रेक से एक लाख की नकदी बरामद हुई। इसी प्रकार निकट के कमरे में फाइलों के नीचे दो लाख रुपए की नकदी मिली। जयपाल की जेब से 9060 रुपए की नकदी बरामद की गई। नकदी के बारे में जयपाल संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाया। ब्यूरो टीम ने राशि जब्त कर ली। टीम ने जयपाल के कार की भी तलाशी ली। इस मामले की रिपोर्ट जयपुर मुख्यालय भिजवाई जा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक हनुमान सिंह, दीवान रामपाल साहू, हेमेंद्र सिंह, जयंत सिंह, प्रेमचंद व गोपाल शामिल थे। इस बीच, एसीबी टीम ने आसीन्द स्थित जयपाल के आवास की तलाशी शुरू की। देर रात तक तलाशी जारी थी।

Published on:
10 Jun 2019 10:44 pm