
मांडल।
निर्वाचन विभाग के उडऩदस्ते और पुलिस ने रविवार को मांडल तिराहे पर एक युवक के पास से 27 किलो 739 ग्राम चांदी बरामद की। युवक इसका कोई बिल पेश नहीं कर पाया। आयकर विभाग के दल ने भी पूछताछ की। पकड़ी गई चांदी की कीमत करीब दस लाख रुपए आंकी गई है।
उपनिरीक्षक दातारसिंह मेड़तिया ने बताया कि दोपहर निर्वाचन विभाग के उडऩदस्ते के कार्यपालक मजिस्टे्रट पीके शर्मा और सहायक उपनिरीक्षक साबिर मोहम्मद गश्त कर मांडल तिराहा पहुंचे। वहां युवक खड़ा मिला। उसके पास बैग था। शंका के आधार पर बैग की तलाशी लेने पर चांदी के गहने मिले। पूछताछ में अपना नाम दयोका हरट (जोधपुर) निवासी राजेन्द्र पटेल बताया। उसे शांतिभंग में गिरफ्तार कर चांदी जब्त कर ली गई।
चोरी का प्रयास करते युवक की धुनाई
सवाईपुर. कवलियास में शनिवार रात खेत में चोरी का प्रयास करते युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसका साथी भाग गया। युवक की धुनाई कर बड़लियास पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया।
थानाप्रभारी सुरेश सोनी ने बताया कि किशनलाल सुथार के खेत से पंखा चोरी का प्रयास करते दो युवक दिखे। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक को पकड़ लिया। उसका साथी भाग गया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम सुवाणा निवासी कमल कुमार बताया। सूचना पर सवाईपुर चौकी प्रभारी सत्यनारायण शर्मा वहां पहुंचे। उसे थाने ले जाया गया।