बिना मान्यता चल रहीं कक्षाओं को लेकर एडीएम सिटी को कांग्रेस का ज्ञापन, शिक्षा अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
भीलवाड़ा शहर के पंचवटी स्थित सेंट्रल एकेडमी विद्यालय में शिक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। विद्यालय के पास शिक्षा विभाग से केवल कक्षा 1 से 5 तक की ही मान्यता प्राप्त है, लेकिन स्कूल प्रबंधन की ओर से धड़ल्ले से कक्षा 6 से 8 तक की नियमित कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं। बच्चों के भविष्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा रोष जताते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) सदस्य मनोज पालीवाल के नेतृत्व में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में पीसीसी सदस्य मनोज पालीवाल ने बताया कि इस गंभीर मामले की शिकायत 6 अप्रेल को ही जिला शिक्षा अधिकारी से कर दी गई थी। इसके बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्कूल बेखौफ होकर अवैध रूप से कक्षाएं चलाता रहा। गुरुवार को जब कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम सिटी के समक्ष यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया, तो उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित संज्ञान लिया। एडीएम सिटी ने तुरंत जिला शिक्षा अधिकारी को पाबंद करते हुए इस मामले में शीघ्र और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
ज्ञापन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और स्कूल प्रबंधन की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए। मनोज पालीवाल ने पूछा कि जब कोई विद्यालय बिना मान्यता के संचालित ही नहीं हो सकता, तो सेंट्रल एकेडमी में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को किस नियम के तहत प्रवेश दिया जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन बच्चों को परीक्षा के बाद कौन से विद्यालय के नाम की मार्कशीट जारी की जा रही है। निजी विद्यालय अपने स्वार्थ की पूर्ति के लिए मासूम छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल रहे हैं। एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद वसीम शेख, निसार सिलावट, शाहिद मोहम्मद, शिफा इरशाद, मोहन जाट, भरत व्यास, दिनेश शर्मा व शाहिद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सेंट्रल एकेडमी स्कूल पंचवटी में मान्यता न होने पर भी कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों को पढ़ाए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। इसकी जांच करवाई जाएगी। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, वर्तमान में पंचवटी स्कूल को केवल कक्षा 1 से 5वीं तक ही मान्यता मिली हुई है।
- रामेश्वर जीनगर, सीबीईओ, सुवाणा
कक्षा 6 से 8वीं तक स्कूल को मान्यता मिले, इसके लिए हमने आवेदन किया था। भीलवाड़ा से नहीं मिलने पर अब बीकानेर निदेशालय में आवेदन किया गया है। हमें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही मान्यता मिल जाएगी।
- संगम मिश्रा, चेयरमैन, सेंट्रल एकेडमी स्कूल