40 दिन में चांदी 60 हजार उछली, सोना 13 हजार महंगा
वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और अमरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती का असर सीधे देश के सर्राफा बाजार पर दिखने लगा है। बीते 40 दिनों में चांदी 60 हजार रुपए प्रति किलो और सोना 13 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो गया है। बुधवार को चांदी पहली बार 2 लाख 5 हजार रुपए प्रति किलो के पार पहुंच गई, वहीं एमसीएक्स पर सोना 1 लाख 35 हजार 100 रुपए प्रति 10 ग्राम के रेकॉर्ड स्तर पर कारोबार करता नजर आया। हालांकि हाजिर बाजार में चांदी के 1 लाख 93 हजार तक के भाव बोले गए हैं। डॉलर की मजबूती और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते सोना-चांदी में यह उछाल देखने को मिला है। कीमती धातुओं में आई इस तेजी के बीच भारतीय शेयर बाजार पर दबाव बना और दिनभर उतार-चढ़ाव के बाद बाजार कमजोर होकर बंद हुआ।
मंगलवार को चांदी के भाव 1 लाख 95 हजार और टंच चांदी 1 लाख 98 हजार 800 रुपए प्रति किलो थे। बुधवार को बाजार खुलते ही इसमें तेज उछाल आया और कुछ ही घंटों में चांदी 2 लाख 5 हजार के स्तर पर पहुंच गई। वहीं सोने के दाम भी 100 रुपए की तेजी के साथ नए रेकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए।
ब्याज दरों में कटौती के बाद निवेशकों ने शेयर बाजार से पैसा निकालकर सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख किया है। इसका सीधा फायदा सोना-चांदी को मिला है। जब तक वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बनी रहेगी, तब तक कीमती धातुओं में तेजी का रुख कायम रह सकता है।
ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवरत्न मल संचेती के अनुसार, इतिहास गवाह है कि सोना-चांदी ने लंबे समय में हमेशा बेहतर रिटर्न दिया है। मौजूदा हालात बने रहे तो आने वाले महीनों में चांदी 2.50 लाख रुपए प्रति किलो और सोना 1.40 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।
कीमतों में तेज उछाल के बाद आम उपभोक्ता बाजार से दूर हो गया है। बुधवार को सर्राफा बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि, जिन लोगों के पास पहले से चांदी का स्टॉक था, उन्होंने ऊंचे भाव देखकर बिकवाली शुरू कर दी।